साहबी पुल के निकट रात के अंधेरे में चोरी छिपे गोवंश को पकड़ ले जा रहे तस्करों ने पकड़े जाने के डर से बजरंग दल के सदस्यों पर गोली चला दी। घटना में बजरंग दल सदस्य बाल- बाल बच गए और बदमाशों को पकड़ लिया। सूचना के बाद धारूहेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों काे गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पहचान गांव बांबड़ में रह रहे गाड़िया लुहार घूमंतू सुनील, टपूकड़ के निम्हाड़ी निवासी आरिफ व अलवर जिला के गांव जिवाण निवासी जैकब उर्फ हक्कू के रूप में हुई है। आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
हिम्मत दिखाकर बदमाश से छीना देसी कट्टा
गुरुवार देर रात बजरंग दल सदस्यों को सूचना मिली थी कि धारूहेड़ा क्षेत्र से कुछ तस्कर गोवंश पकड़कर पैदल ही निकल रहे हैं। सूचना के बाद मानेसर निवासी मोहित के साथ ही अलवर के सांथलका निवासी सोनू और राजीव नगर निवासी गौरव साहबी पुल के पास बैठ गए। रात करीब 1 बजे 3 युवक 6 गोवंश को पकड़कर पैदल ही जा रहे थे। पुल की बजाय उक्त युवक पास से गुजर रहे थे। बजरंग दल के सदस्यों ने उक्त युवकों को टोका तो उन्होंने तुरंत ही देसी कट्टा निकालकर उन पर फायरिंग कर दी।
गनीमत ही कि गोली दल के सदस्यों को लगने की बजाय पास से निकल गई। बजरंग दल सदस्यों ने हिम्मत दिखाते हुए उक्त बदमाश से कट्टा छीन लिया, जिससे कि उसके हाथ में चोट भी आई। सूचना के बाद धारूहेड़ा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज कादयान पुलिसबल सहित मौके पर पहुंच गई। युवकों को काबू करके गिरफ्तार कर लिया गया। दल सदस्यों ने बताया कि गोवंश को बसई गोशाला भेज दिया। कार्रवाई में सहयोग करने वालों में रेवाड़ी गो रक्षा दल, टपूकड़ा गोरक्षा दल भिवाड़ी गोरक्षा दल व बजरंग दल मानेसर की टीम शामिल रही।
आपराधिक प्रवृति के हैं आरोपी : धारूहेड़ा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनोज कादयान ने बताया कि तीन आरोपियों को पकड़ा गया है। उनकी कोरोना रिपोर्ट का भी इंतजार हैं। उक्त युवक आपराधिक प्रवृति के हैं। पहले भी इनमें से एक-दो के खिलाफ केस दर्ज हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3jBGWpO