नई अनाज मंडी में फसल की आवक अधिक हो रही है। आवक की अपेक्षा मंडी में फसल का उठान धीमी गति से हो रहा है। इसके कारण किसानों को मंडी में फसल उतारने के लिए स्थान नहीं मिल रहा है। मंडी में फैली अव्यवस्थाओं के कारण मंगलवार को जींद रोड पर करीब एक किलोमीटर लंबा और महम-जींद बाइपास रोड पर करीब 700 मीटर लंबा जाम लग गया। जाम के कारण सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई।
बाइपास रोड पर किसान और दूसरे वाहन चालक करीब चार घंटे जाम में फंसे रहे। जाम खुलवाने के लिए अधिकारियों ने पुलिस बुलाई। पुलिसकर्मियों ने चार घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवा दिया। प्रतिदिन जाम लगने की समस्या को देख आढ़तियों ने दोपहर तीन बजे तक ही फसल उतरवाने का निर्णय लिया। अनाज मंडी में करीब छह लाख क्विंटल धान की आवक हो चुकी है। किसान धान की कटाई का कार्य अब मशीनों से करवा रहे हैं। मशीन से कटवाने के बाद किसान सीधे ही मंडी में पहुंच रहे हैं। मंडी में आवक दो गुणा से भी अधिक हो गई है।
इसके चलते मंडी में अव्यवस्थाएं फैल गई हैं। मंडी में फसल के उठान का कार्य रात के समय होता है। किसान फसल लेकर देर रात तक मंडी में पहुंचते रहते हैं। वहीं सुबह भी चार बजे किसान मंडी में पहुंचना शुरू कर देते हैं। इससे फसल के उठान को पर्याप्त समय नहीं मिलता है। वहीं किसानों का आना शुरू होने के कारण फसल का उठान कर रहे ट्रक भी मंडी से बाहर नहीं निकल पाते हैं। इससे मंडी में जाम की स्थिति बन जाती है। शनिवार को मंडी परिसर के साथ-साथ आसपास की सभी सड़कों पर जाम लग गया। किसान महम-जींद बाइपास रोड, जींद रोड, बरोदा रोड, महम रोड पर जाम में फंसे रहे।
आवक की अपेक्षा उठान कम
अनाज मंडी में फसल की आवक की अपेक्षा उठान कम है। मंडी में व्यवस्था बनाए रखने के लिए आढ़तियों ने प्रत्येक सप्ताह एक दिन के लिए मंडी बंद करने का निर्णय लिया हुआ है। मंडी में प्रत्येक सप्ताह बुधवार को फसल का उठान करवाने के लिए मंडी बंद रखी जा रही है। इस दिन केवल बाजरा और पीआर धान की ही खरीद होती है। आढ़तियों का कहना है कि फसल का उठान होने से ही किसानों को परिसर में फसल डालने के लिए स्थान मिल सकेगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/35DflON