पानीपत। हरियाणा में अभी तक मिले 10 संक्रमित मरीजों के बीच पीएम मोदी द्वारा आह्वान किया गया जनता कर्फ्यू पूरे हरियाणा में लगा है। प्रदेशभर में पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है। वहीं आवश्यक सेवाओं से नहीं जुड़े हुए लगभग सभी कर्मचारियों की छुट्टी की गई है। इसके साथ-साथ शनिवार को सीएम मनोहर लाल खट्टर ने दो दफा प्रदेशवासियों को वीडियो के माध्यम से संदेश जारी करते हुए जनता कर्फ्यू को सफल बनाते हुए कोरोनावायरस से लड़ने की अपील की। अफवाह फैलाने वालों पर कार्रवाई हो रही है। चरखी दादरी, नारनौल में दो जगह मामले दर्ज हुए हैं। वहीं रेवाड़ी में जिम खोलने पर एक संचालक पर मामला दर्ज हुआ है।
हरियाणा सरकार के साथ-साथ विपक्षी राजनीतिक दलों ने भी किया जनता कर्फ्यू का समर्थन
हरियाणा सरकार ने तो जनता कर्फ्यू को सफल बनाने के लिए प्रयास किए ही हैं। वहीं डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने भी शनिवार को इस संबंध में प्रदेशवासियों से अपील की थी। इसके साथ-साथ इनेलो विधायक अभय चौटाला ने भी इसमें जनता को सहयोग करने के लिए कहा था। हालांकि कांग्रेस के किसी भी बड़े नेता ने सामने आकर जनता कर्फ्यू का समर्थन नहीं किया लेकिन पर्दे के पीछे से वे सहमति देते नजर आए।
प्रदेश में हर किसी ने किया जनता कर्फ्यू का स्वागत
जनता कर्फ्यू की चर्चा प्रधानमंत्री के राष्ट्र के नाम दिए गए संदेश के बाद से ही होने लगी थी। प्रदेश में बड़ी संख्या में सामाजिक संगठनों ने आगे आकर इसका समर्थन किया और लोगों को मास्क भी वितरित किए। हरियाणा में किसी भी जगह जनता कर्फ्यू का विरोध नहीं हुआ। प्रदेश में हर किसी की जुबान पर किसी भी तरह इस बीमारी को हराने की चर्चा है।
बिना कर्फ्यू के भीड़-भाड़ वाली जगह हुई खाली
जनता कर्फ्यू से एक दिन पहले ही शनिवार को इसका असर देखने को मिला था। प्रदेशभर में पानीपत, रोहतक, हिसार, सोनीपत, रेवाड़ी आदि में भीड़ वाली जगहों पर लोग कम नजर आए। दिल्ली से होकर चंडीगढ़ और पंजाब जाने वाले नेशनल हाईवे नंबर-44 सुबह तो ट्रैफिक नजर आया लेकिन शनिवार दोपहर बाद ट्रैफिक कम हो गया। शाम तक न के बराबर ट्रैफिक था। पानीपत की सबसे बड़ी हैंडलूम मार्केट, जहां से पूरे देश में कंबल व बुनकर सामान को भेजा जाता है। वह शनिवार दोपहर को ही बंद हो गई थी।
करियाने की चीजों के दाम नहीं बढ़े लेकिन सब्जियों और फलों के दामों में देखी गई तेजी
गुरुवार को हरियाणा सरकार द्वारा एक नोटिफिकेशन जारी किया गया था कि किसान बाजार व अपनी सब्जी मंडियां 31 मार्च तक बंद रहेगी। इसके बाद से सब्जी और फलों के दामों में अचानक से इजाफा हो गया था। बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ सब्जी मंडियों में पहुंच गई थी। इसके बाद कुछ सब्जियों के दामों में इजाफा हो गया। गुरुवार से पहले 10 रुपये किलो बिक रहा टमाटर 30 से 40 रुपये हो गया। करीब-करीब दूसरी सब्जियों में भी ऐसे ही बढ़ोतरी नजर आई। हालांकि मंडी एसोसिएशन ने इस पर लगाम लगाने की कोशिश की है। करियाना की चीजों में इजाफा नहीं हुआ है। शनिवार को भी सब्जी मंडियों में खासी भीड़ रही। लोगों ने रविवार को सब्जी मंडी बंद होने के चलते काफी खरीदारी की।
हरियाणा रोडवेज बंद, रेल बंद, टैक्सी व अन्य ट्रांसपोर्ट भी बंद
हरियाणा सरकार ने जनता कर्फ्यू के चलते हरियाणा रोडवेज को 22 मार्च को बंद करने के निर्देश दे दिए थे। इसी तरह रेलवे ने भी पूरी तरह से रेल यातायात को बंद कर दिया है। हरियाणा की कई टैक्सी एसोसिएशन व ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने छुट्टी का आह्वान किया है। प्राइवेट बस संचालकों ने भी बसें न चलाने का फैसला ले रखा है।
सरकार ने कोरोना से लड़ने के लिए युद्ध जैसी की तैयारी
राज्य में हर दिन कोरोना वायरस से पीड़ितों के नए केस सामने आने के बाद बीमारी से लड़ने के लिए युद्ध जैसी तैयारी शुरू कर दी है। सभी विभागों को हर स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने के आदेश दे दिए गए हैं। फूड एंड सप्लाई डिपार्टमेंट को गोदाम, कोल्ड स्टोरेज, अनाज की स्थिति देखने के साथ अनाज को एक से दूसरी जगह ले जाने के इंतजाम करने को कह दिया गया है, ताकि इमरजेंसी में कोई दिक्कत न आए। रेफ्रिजरेटर्स वाले वाहन तैयार रखने के आदेश दिए हैं। होम डिपार्टमेंट को आर्मी, पैरामिलिट्री फोर्स आदि से संपर्क करने के साथ ही आपातकाल में लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति संभालने को तैयार रहने को कहा है।
हरियाणा में जांच के लिए पांच और लैब की मांग
राज्य में पीजीआई, रोहतक व भगत फूल सिंह महिला मेडिकल कॉलेज, खानपुर कलां में लैब बनाई गई है। इसके अलावा चंडीगढ़ और दिल्ली से भी सैंपल की जांच कराई जा रही है। सरकार ने केंद्र से कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज करनाल, महाराज अग्रसेन कॉलेज अग्रोहा, शहीद हसन मेवाती मेडिकल कॉलेज नल्हड़ नूंह, पीजीआई रोहतक के लिए दूसरी लैब और पंचकूला के नागरिक अस्पताल के लिए कोरोना वायरस जांच लैब खोलने मांग की है।
7 दिन में अस्पतालों में पहुंचेगी विशेष किट
राज्य में यदि केसों की संख्या बढ़ती है तो अस्पतालों में रूटीन ओपीडी बंद की जा सकती है। सीएमओ को अपने स्तर पर बचाव के लिए सामान आदि खरीद करने की छूट गई है। सरकार ने एक दिन पहले ही ट्रीपल लेयर मास्क, एन-95 मास्क, पीपीई किट्स, वीटीएम मीडिया किट्स और हेंड सेनेटाइजर खरीद के टेंडर कर दिए हैं। ये सभी चीजें सात दिनों में पहुंचा दी जाएंगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2WFD0Lw