भांडवा गांव के बाबा जोडऩाथ खेल एकेडमी में चल रही तीन दिवसीय कबड्डी स्पर्धा में नरवाना की टीम प्रथम व काकड़ौली की टीम उपविजेता बनी। सांसद धर्मबीर सिंह ने सभी खिलाड़ियों को सम्मानित किया। खेल एकेडमी परिसर में व्यापार मंडल अध्यक्ष रामकिशन फौजी की अध्यक्षता में आयोजित समापन समारोह में सांसद धर्मबीर सिंह ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे युवा खिलाड़ी आज देश के सितारे हैं जो इस मिट्टी की बहादुरी की ताकत है। यहां पर पैदा हुए जवानों ने सीमा पर तथा खिलाडिय़ों ने नेशनल व इंटर नेशनल मुकाबलों में इतिहास रचने का काम किया है।
वालीबॉल, मुक्केबाजी, कबड्डी, कुश्ती जैसे खेलों में बाढड़ा व दादरी के खिलाड़ी कई राज्यों पर भारी हैं वहीं हर तीसरा जवान इस रेतीले क्षेत्र की शक्ति के तौर पर सीमाओं पर तैनात हैं। साइना नेहवाल, मुक्केबाज बिजेंद्र सिंह, सचिन तेंदुलकर जैसे खिलाड़ी आज प्रतिष्ठा के क्षेत्र में ऊंचा सम्मान पा रहे हैं जो उनकी खेलों में की गई मेहनत का नतीजा है। खेल मानव जीवन के लिए सबसे जरुरी अंग है। खेल से जुड़कर हम आजीवन रोगमुक्त जीवन यापन कर सकते हैं। इस क्षेत्र में आजादी से पहले ही खेलों के प्रति लोगों की विशेष रुचि देखने को मिली है जो यहां के क्षेत्र के मान सम्मान को बढ़ावा देती है। उन्होंने तीन दिवसीय स्पर्धा को आपसी भाईचारे की भावना से खेलने पर बधाई देते हुए खिलाडिय़ों को आशीर्वाद दिया। कबड्डी स्पर्धा में नरवाना प्रथम व काकड़ौली की टीम उपविजेता, 100 मीटर बुजुर्गों की दौड़ में रामकिशन शर्मा भांडवा प्रथम, सूमेरसिंह गिगनाऊ दूसरे व रामनिवास तीसरे स्थान, 1600 मीटर दौड़ में धोलिया काकड़ौली प्रथम, विशाल समसपूर द्धितीय व अमित कुमार तृतीय स्थान पर रहे। इस अवसर पर महाराज ब्रहस्पतिनाथ महाराज, सरपंच राकेश बाढड़ा, धर्मसेना प्रदेशाध्यक्ष बलवान सिंह आर्य, धर्मसेना जिलाध्यक्ष प्रदीप, भाकियू महासचिव हरपाल, सरपंच डा. राकेश भांडवा, जोगेन्द्र शास्त्री, डाॅ. राजेश श्योराण, कोच रविंद्र सिंह, रिछपाल सिंह, अजीत, धर्मबीर सिंह,रणबीर सिंह आदि मौजूद थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2v8oGjz