किलोमीटर स्कीम के तहत चलने वाली बसों का विरोध शुरू हो गया है। रविवार को बहादुरगढ़ सब डिपो में इसको लेकर एक मीटिंग का आयोजन किया गया। हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन के सब डिपो प्रधान देवेंद्र कुलासी की अध्यक्षता में यह मीटिंग हुई। इसमें मुख्य मुद्दा किलोमीटर स्कीम के तहत चलने वाली निजी बसें व गलत तरीके से बिना जांच किए महाप्रबंधक द्वारा आनन-फानन में परिचालक नरेंद्र को सस्पेंड किए जाने का रहा। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा रोडवेज बहादुरगढ़ के पूर्व प्रधान भगवान सिंह राठी, वरिष्ठ उप प्रधान देवेंद्र छिकारा, डिपो प्रधान देवेंद्र कुलासी के अलावा रवि, सुनील, कृष्ण समेत कई अन्य इस मीटिंग में मौजूद रहे। डिपो प्रधान देवेंद्र कुलासी व पूर्व प्रधान भगवान सिंह राठी ने कहा कि रोडवेज में सफर करने वाली आम जनता को वे यह बताना चाह रहे हैं कि सरकार द्वारा सभी डिपो में किलोमीटर स्कीम के तहत निजी बसों को रोडवेज का चोला पहना कर उतारा है, जोकि देखने में बिल्कुल रोडवेज की तरह है। इन बसों में परिचालक सरकार का होगा और चालक प्राइवेट मालिक का। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इन बसों पर अनुभव हीन ड्राइवर रखकर सवारियों की जान के साथ खिलवाड़ हो रहा है।
परिचालक नरेंद्र काे बहाल करने की मांग की
आए दिन इस स्कीम के तहत चलने वाली बसों के हादसे प्रतिदिन सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बसों को रूट के निर्धारित स्टैंडाें पर नहीं रोका जा रहा है, बल्कि मनमानी करते हुए इन्हें किसी भी स्थान पर रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि परिचालक नरेंद्र को बिना किसी जांच किए महाप्रबंधक द्वारा सस्पेंड कर दिया गया है जिसका सर्व कर्मचारी संघ व यूनियन विरोध करती है और जल्द से जल्द उसे बहाल करने की मांग भी करती है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2vG86b9