
दिल्ली और मुंबई के कनेक्शन के कारण जींद जिले में कोरोना के केस बढ़ रहे हैं। अब तक जितने भी मामले कोरोना संक्रमण के आए हैं, उनमें से अधिकतर दिल्ली और मुंबई से संबंधित हैं। मंगलवार को आए दोनों केसों का संबंध भी दिल्ली और मुंबई से संबंधित है। भुरायण गांव निवासी 60 वर्षीय महिला का सफीदों और देवरड़ निवासी युवक का सैंपल जुलाना सीएचसी में लिया गया था।
मंगलवार को इन दोनों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है, जिसके बाद उन्हें होम क्वारेंटाइन कर दिया गया है। इन सभी की हिस्ट्री खंगाली जा रही है और स्वास्थ्य विभाग द्वारा इनके संपर्क में आए लोगों की जानकारी ली जा रही है। अब कुल संक्रमित लोगों की संख्या 174 पहुंच गई है, जिसमें से एक्टिव केस कुल 34 हैं। मंगलवार को कुल 241 रिपोर्ट आई थी, जिसमें से दो पॉजिटिव मिले हैं। अभी 235 सैंपल की रिपोर्ट आनी बाकी है।
महिला ने सैंपल सफीदों के सरकारी अस्पताल में दिया था
भुरायण निवासी 60 वर्षीय महिला दो दिन पहले अपने बेटे, बहू और पोते के साथ मुंबई से लौटी थी। मुंबई से आने के बाद इन सभी ने अपना सैंपल सफीदों के सरकारी अस्पताल में दिया था। इसके बाद वह सभी घर चले गए थे और उसके बाद से होम क्वारेंटाइन है। मंगलवार को बुजुर्ग महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
मुंशी की नौकरी करने वाला मिला पॉजिटिव
दिल्ली में ट्रांसपोर्ट में मुंशी का काम करने वाला युवक भी कोरोना पॉजिटिव मिला है। 45 वर्षीय युवक दिल्ली में यूपी बाॅर्डर पर स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में मुंशी का काम करता है। वह 12 जुलाई को दिल्ली से अपने घर गांव देवरड़ आया था और 13 जुलाई को उसने सीएचसी जुलाना में अपना सैंपल दिया था। मंगलवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
दो केस पॉजिटिव आए
मंगलवार को जो रिपोर्ट आई है, उसमें दो केवल पॉजिटिव मिले हैं। इनकी हिस्ट्री देखी जा रही है। डॉ. पालेराम कटारिया, डिप्टी सिविल सर्जन, जींद।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2WlvkgK