जीटी रोड नीलोखेड़ी के पास 19 सितंबर की रात को इनोवा गाड़ी के आगे कार अड़ाकर एक करोड़ 25 लाख रुपए लूट की घटना को अंजाम देने में ड्राइवर सुनील ही मास्टर माइंड निकला। ड्राइवर ने प्लानिंग के तहत आरोपियों को नीलोखेड़ी के पास बुलाया था और आरोपियों की कार नंबर देखकर ही अपने आप ही गाड़ी रोककर बाथरूम जाने का बहाना बनाया। इसी दौरान पीछे से आरोपी कार में घुसे। ड्राइवर और मुंशी से मारपीट कर एक करोड़ 25 लाख की पेमेंट लूटकर ले गए।
19 सितंबर को बुटाना थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर ड्राइवर सुनील और मुंशी दिनेश से पूछताछ की। ड्राइवर से सख्ती से पूछताछ की तो उसने वारदात कबूल कर ली। आरोपियों ने फोन पर बातचीत कर लूटी गई रकम को बांटने के लिए चंडीगढ़ सेक्टर-24 के एक होटल में बुलाया। बुटाना थाना पुलिस ने प्लानिंग के साथ ड्राइवर को ले जाकर होटल से शुक्रवार शाम को एक आरोपी नवीन को भी गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है। आरोपियों के पास से 83 लाख 90 हजार रुपए की पेमेंट, लूट की घटना को अंजाम देने वाली कार को भी बरामद कर लिया है। तीन आरोपी फरार चल रहे हैं और शेष राशि उनसे बरामद की जानी है।
ड्राइवर ने ऐसे रची थी लूट की कहानी
पुलिस जांच अधिकारी सुखविंद्र सिंह ने बताया कि पंचकूला सेक्टर-16 के मकान नंबर 384 वासी पवन गोयल ने दिल्ली से एक करोड़ 25 लाख रुपए की पेमेंट लेने के लिए अपने ड्राइवर सुनील और मुंशी को 18 सितंबर को भेजा था। सुनील ने इस पेमेंट को लूटने के लिए आरोपी जसबीर वासी मोहाली से पहले ही बात की हुई थी। आरोपी जसबीर ने उसको अपोलो कार का नंबर नोट करवाया और कहा कि मैं अपने साथियों को भेज रहा हूंं। नीलोखेड़ी के पास मिलेंगे। ड्राइवर ने बताए गए कार नंबर को देखकर अपनी कार को रोक लिया और मुंशी को बोला कि वह बाथरूम जा रहा है। इसी दौरान दूसरी कार से तीन आरोपी नवीन, हैपी और गौरा आए और मारपीट करके पैसे लूटकर ले गए। मुंशी दिनेश ने ही अपने मालिक पवन गोयल को सूचना दी थी कि उनसे मारपीट करके पैसे लूटकर बदमाश ले गए हैं।
सुनसान एरिया में गाड़ी रोकने पर हुआ था शक
ड्राइवर और मुंशी ने पुलिस को जब लूट की कहानी बताई तो पुलिस को शक हो गया। पुलिस ने सवाल किया कि इतनी मोटी पेमेंट लेकर सुनसान एरिया में कौन रुकता है। बाथरूम आया था तो होटल या ढाबों पर भी रुका जा सकता था। सुनसान एरिया में गाड़ी रोकने पर ड्राइवर से सख्ती से पूछताछ की गई। आरोपी की कॉल डिटेल से मामला सुलझ गया।
पेमेंट बांटने होटल में बुलाए तो पकड़े गए
एएसआई सुखबीर सिंह ने बताया कि आरोपियों ने लूटी गई पेमेंट आपस में बांटने के लिए सभी को कॉल किया और चंडीगढ़ के होटल में आने को कहा। नवीन होटल में पहुंच गया और आरोपी हैप्पी, गौरा का इंतजार कर रहा था। अपोलो कार के साथ पुलिस ने आरोपी नवीन को पकड़ लिया। कार से 83 लाख 90 हजार रुपए बरामद किए गए। आरोपी जसबीर, हैप्पी, गौरा फरार हैं।
करोड़ों की पेमेंट की जांच होगी
एएसआई सुखबीर सिंह ने बताया कि एक करोड़ 25 लाख रुपए की पेमेंट कैश में लाई जा रही थी। इसकी जांच की जा रही है कि यह कैश में पेमेंट लेकर आने का रिस्क क्यों लिया गया। ऑनलाइन ट्रांजेक्शन भी हो सकती थी। फैक्ट्री के मालिक से पूछताछ की जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3cxIVsh