
प्रदेश में कोरोना के लगातार दो हजार से ज्यादा मरीज मिल रहे हैं। मंगलवार को 2487 नए मरीज मिलने के साथ संक्रमितों की कुल संख्या 99841 पर पहुंच गई है। इस तरह बुधवार को यह आंकड़ा एक लाख के पार हो जाएगा। एक दिन में 25 लोगों की जान गई है। करनाल, पंचकूला में सबसे ज्यादा 4-4 मौतें हुई हैं। फरीदाबाद, गुड़गांव, कुरुक्षेत्र, कैथल, अम्बाला, यमुनानगर में 2-2, सिरसा, फतेहाबाद, रोहतक, हिसार, भिवानी में 1-1 मौत हुई है।
इससे मौतों का आंकड़ा 1086 हो गया है। पिछले 24 घंटे में 2454 मरीज ठीक हुए हैं। सबसे ज्यादा 415 मरीज पानीपत में ठीक हुए। यह अब तक किसी जिले में एक दिन का सबसे बड़ा आंकड़ा है। अब ठीक होने वालों की संख्या 77166 हो गई है। अभी 21589 सक्रिय मरीज हैं।
बुखार आने पर मंत्री विज ने कराई जांच, रिपोर्ट निगेटिव
स्वास्थ्य मंत्री अनिल के दो दिन से बुखार होने पर उन्होंने एक बार फिर अपनी जांच कराई है, उनकी रिपोर्ट निगेटिव अाई है। विज पहले भी कई बार अपनी जांच करा चुके हैं। क्योंकि उनके भाई और भतीजी भी कोरोना पॉजिटिव आ चुके हैं।
पंचकूला से कोरोना पीडि़त महिला गायब
पंचकूला के जिला अस्पताल से एक कोरोना पॉजिटिव महिला गायब हो गई। पता तब लगा जब मंगलवार सुबह उसके परिजन कपड़े लेकर अस्पताल पहुंचे। अब पुलिस और उसके परिजन उसकी तलाश कर रहें हैं।
हांसी विधायक के दोनों बेटे भी संक्रमित हुए
हांसी से विधायक विनोद भ्याना व उनकी पत्नी के पॉजिटिव होने के एक सप्ताह बाद दोनों बेटे भी कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। विधायक, उनकी पत्नी व छोटे बेटे को मेदांता में भर्ती कराया गया है। बड़ा बेटा होम आइसोलेशन में है।
गर्भवती महिला घर से करेंगी काम, ग्रुप-सी, डी के 50% कर्मचारी आएंगे ऑफिस
मुख्य सचिव ने सभी सरकारी कार्यालयों के लिए एसओपी जारी की है। गर्भवती महिला कर्मचारी अब घर से ही काम करेंगी। 50 साल से ज्यादा उम्र व विभिन्न बीमारियों से पीड़ित कर्मचारी फ्रंट लाइन पर काम नहीं करेंगे। उन्हें पब्लकि संपर्क से दूर रखा जाएगा। ग्रुप सी और डी के 50-50% कर्मचारियों को सप्ताहिक रोटेशन पर आएंगे। ग्रुप ए व बी के अधिकारियों व कर्मचारियों को कार्यालय आना होगा। हर कार्यालय में थर्मल सक्रिनिंग होगी। अधिकारी मीटिंग वीसी के जरिए ही लेंगे। विभागों में मैन्युअली के बजाय ऑनलाइन फाइल को आगे बढ़ाएं। कोई कर्मचारी पॉजिटिव होने के बाद क्वारेंटाइन होता है वह ड्यूटी पर ही माना जाएगा। यदि किसी को कोई लक्षण दिखाई दे तो वह मेडिकल लीव पहले ही ले सकता है। सभी कार्यालयों में कर्मचारियों की कोरोना की जांच कराई जाए। इसके लिए कैंप लगाएं।
इधर, देश में 90417 नए मरीज, 1282 की मौत
देश में मंगलवार को 90,417 नए मरीज मिले। अब कुल संक्रमित 50,05,963 हो गए हैं। 24 घंटे में 1282 लोगों की माैत हो गई। अब तक 81,989 लोगों की जान जा चुकी है। मृत्युदर 1.63% है। एक दिन में 80,502 लोग ठीक हुए। ठीक होने वालों की संख्या अब 39 लाख के पार हो गई। बुधवार को यह आंकड़ा 40 लाख पार होने के आसार हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3kiHS1S