प्रदेश में कोरोनावायरस को लेकर पिछले एक माह (6 सितंबर से 5 अक्टूबर) का ट्रेंड राहत भरा रहा है। नए मरीजों की संख्या में बड़े स्तर पर कमी आई है। प्रदेश में टेस्टिंग घटी है, लेकिन उसके मुकाबले ढाई गुना नए केसों में गिरावट आई है। एक माह को 15-15 दिनों के दो चरणों में बांटकर किए गए विश्लेषण में सामने आया कि 6 से 20 सितंबर तक जहां मरीज 44.18% बढ़े थे, वहीं 21 सितंबर से 5 अक्टूबर तक यह बढ़ोतरी 20.18% रही है।
ऐसे में कहा जा सकता है कि संक्रमण कम हो रहा है। पहले पखवाड़े में हर रोज औसतन 2285 नए मरीजों की तुलना में अगले पखवाड़े में यह संख्या प्रतिदिन औसतन 1554 पर आ गई। इसमें भी ज्यादातर मरीज सितंबर के आखिरी 10 दिनों के हैं। पिछले 4-5 दिन में तो संख्या 1100 से 1300 के बीच चल रही है।
हर दिन होने वाली मौतों की संख्या में कमी आई है। लेकिन चिंता की बात यह है कि मृत्यु दर बढ़ी है। पहले पखवाड़े में मृत्यु दर 1.10% रही। जो अब 1.14% पर है। हर दिन का औसत देखा जाए तो पहले के 15 दिन में हर दिन औसतन 25 लोगों की जान वायरस ले रहा था। अब औसतन 20 लोगों की मौत हो रही है।
6 सितंबर से 20 सितंबर और 21 सितंबर से 15 अक्टूबर तक के आंकड़ों का तुलनात्मक विश्लेषण

- 6 से 20 सितंबर तक टेस्टिंग में 29.86% इजाफा। अगले 15 दिन में 21.47% इजाफा। टेस्टिंग 8.39% घटी।
- पॉजिटिविटी दर 6 सितंबर से 20 सितंबर तक 0.71% बढ़ी। फिर 5 अक्टूबर तक 0.03% कमी आई है।

- 6 से 20 सितंबर तक 34282 मरीज मिले। 44.18% बढ़े। अगले 15 दिन में 23312 मरीज। 20.88% कमी आई।
- 6 से 20 सितंबर तक रिकवरी दर सिर्फ 1.89% बढ़ी। 21 सितंबर से 5 अक्टूबर के बीच यह 10.66% बढ़ी।
देश में हरियाणा की स्थिति
- 17वें नंबर पर पॉजिटिविटी दर में
- 16वें नंबर पर है कुल मरीजों में
- 18वें नंबर पर है मृत्यु दर में
- 29वें नंबर पर है सक्रिय मरीजों में
- 7वें नंबर पर है रिकवरी दर में
एक्सपर्ट व्यू: पीक चला गया या नहीं, यह 15 दिन में पता चलेगा
पिछले कुछ दिन से नए मरीज कम मिल रहे हैं। लेकिन पीक आकर चला गया, यह कहना अभी जल्दबाजी होगा। कभी बीच में केस बढ़ भी जाते हैं। यदि 15 दिन और नए केसों की संख्या में गिरावट आती है तो माना जा सकता है कि पीक चला गया। अभी त्योहारी सीजन शुरू होने के साथ मौसम में बदलाव होना है। जिसमें लोगों का आना-जाना ज्यादा होगा। सर्दी में वायरस का असर ज्यादा हो सकता है। -डॉ. सूरजभान कंबोज, महानिदेशक, स्वास्थ्य विभाग
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2GIbyHc