मौसम में सर्दी बढ़ती जा रही है। भले ही साेमवार को हवा की गति कम रही है, लेकिन आसमान में हल्के बादलों की वजह से ठंड में कोई कमी नहीं आई। 23 नवंबर के दिन ठंड ने पिछले पांच सालों में रिकाॅर्ड कायम कर दिया है।
पांच साल पहले वर्ष 2016 में इस दिन अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड हुआ था। लेकिन इस बार अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
पांच साल पहले की तुलना में इस वर्ष सवा 7 डिग्री सेल्सियस तापमान कम रहा। माैसम विशेषज्ञों के अनुसार 25 नवंबर के बाद तेजी से ठंड बढ़ेगी। एक दिसंबर तक ठंड और कड़क होगी। बादलों की वजह से धुंध आने की संभावना नहीं बन रही हैं।
केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम जो तापमान रिकाॅर्ड हुआ, वह पिछले पांच सालों में सबसे सबसे कम है। इस बार नवंबर के माह में दिसंबर के पहले पखवाड़े के बराबर ठंड हो रही है।
फिलहाल साफ रहेगा मौसम : हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विभाग के एचओडी डाॅ. मदनलाल खीचड़ के अनुसार आने वाले दिनों में फिलहाल धुंध पड़ने की संभावना नहीं। मौसम साफ रहेगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2US1OOj