सावधान! लोहारू रोड ओवरब्रिज के पास फिर धंसा नेशनल हाईवे - OTA BREAKING NEWS

Breaking

Post Top Ad

Responsive Ads Here

Wednesday, 25 September 2019

सावधान! लोहारू रोड ओवरब्रिज के पास फिर धंसा नेशनल हाईवे

लोहारू ओवर ब्रिज के नजदीक गोशाला के सामने सड़क के बीच मिट्‌टी से भरे गड्ढे के स्थान पर सड़क फिर धंस गई है। जिसके कारण यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानी हो रही है और हर समय किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहती है। हालांकि शहर में सड़क मार्गों पर 12 ट्रैफिक डेंजर प्वाइंट व 200 से ज्यादा गड्ढे बने हुए हैं। बीएंडआर व नगरपरिषद ने इन डेंजर प्वाइंटों के लिए जनस्वास्थ्य विभाग को जिम्मेदार ठहराया है और कहा कि सीवर व पेयजल कनेक्शनों की लीकेज से ही शहर में जगह जगह सड़क धंस रही है।

शहर में सीवर व पेयजल लाइनों की लीकेज के कारण सरकुलर रोड समेत 12 स्थान ऐसे है जहां सड़क धंस गई है। जहां से सड़क धंसी हुई है वहां से प्रतिदिन हजारों की संख्या में वाहन गुजरते हैं। हैरानी की बात यह है कि नेशनल हाईवे अथॉर्टी, बीएंडआर व नप का इन डेंजर प्वाइंटों की तरफ कोई ध्यान नहीं है। डेंजर प्वाइंटों के आसपास राहगीर वाहन चालकों की सुविधा के लिए किसी भी तरह का सावधानी सूचक नहीं लगा रखा है। इसके चलते यहां हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है।

एनएचआई डेढ़ करोड़ से करेगी रोड की मरम्मत

एनएचआई के कार्यकारी अभियंता राहुल चहल ने बताया कि एनएचआई बस स्टैंड से लोहारू रोड ओवर ब्रिज तक लगभग चार किलो मीटर दूरी तक लगभग डेढ़ करोड़ की लागत से कारपेट लेयर डालेगी। अक्टूबर में कार्य शुरू किया जाएगा। सीवर व पेयजल लाइन लीकेज होने से रोड टूट रहा है।

जानिए: शहर में किन-किन स्थानों पर धंसी हैं सड़कें

1. लोहारू ओवर ब्रिज के नजदीक एवं गोशाला के सामने सात फुट लंबी व आठ फुट चौड़ी सड़क फिर धंस गई है। एक महीने पहले यह सड़क धंसने से गड्ढा बन गया था। लेकिन हाईवे की तरफ से गड्ढों को मिट्‌टी से भर दिया गया था। तीन दिन पहले गड्ढे के पास से फिर से सड़क धंस गई। इससे यहां हादसे की आशंका फिर से बनी हुई है।

2. इससे लगभग 200 फुट आगे हालुवास गेट के पास भी रोड धंसा हुआ है। यह मार्ग छह महीने पहले धंसा था, जिससे मिट्‌टी व रोड़ी डालकर ठीक किया गया लेकिन यह मार्ग अब फिर धंस गया है।

3. सरकुलर रोड पर ही हनुमान गेट के पास भी मार्ग धंसा हुआ है। लोहारू रोड ओवर ब्रिज से होते हुए रोहतक गेट तक प्रतिदिन लगभग 30 हजार वाहन गुजरते हैं, जहां से रोड धंसा हुआ है। 4. कमला भवन से कोर्ट की तरफ जाने वाला मार्ग तीन स्थानों पर धंसा हुआ है। पिछले साल ही इस मार्ग पर नगरपरिषद ने ब्लॉक डालकर निर्माण करवाया था। लेकिन अब इस मार्ग से निकलना भी खतरे से खाली नहीं है।

5. इंप्रूवमेंट मार्केट से हुडा पार्क की तरफ जाने वाला रोड भी दो स्थानों से धंस गया है। इस मार्ग का निर्माण भी नगरपरिषद ने पिछले साल करवाया था। लेकिन इस मार्ग का दो स्थानों से लगभग दस फुट का हिस्सा धंस गया है।

6. फुला देवी स्कूल के सामने लगभग दस फुट तक रोड धंसा हुआ है। यहां से टू व्हीलर चालकों के लिए वाहन निकालना मुश्किल है।

7. सिविल अस्पताल के गेट नंबर एक सामने रोड का एक तरफ का लगभग 15 फुट हिस्सा एक फुट तक धंसा हुआ है।

8. सरकुलर रोड पर घंटाघर से कृष्ण कॉलोनी मोड़ स्थित शनि मंदिर के नजदीक भी सड़क धंसी हुई है। समय रहते इसको को दुरुस्त नहीं किया तो फोर लेन मार्ग एक तरफ से बंद करना पड़ सकता है।

9. हांसी गेट स्थित बागड़ी मार्केट के नजदीक भी रोड धंसा हुआ है।

10. सन सिटी माल के सामने भी रोड धंसा हुआ है। जिस पर रोड़ी डाली गई है लेकिन समस्या को हल नहीं किया गया।

11. महम रोड पर एक स्थान पर सड़क धंसी हुई है।

12. लोहारू रेलवे फाटक के नजदीक छह महीने पहले एक स्थान पर रोड धंसा था। जिसे ठीक किया लेकिन अब फिर से यह रोड का लगभग पांच फुट हिस्सा फिर धंस गया है।

इसलिए धंस रही हैं शहर की सड़कें

शहर में जहां सड़कें धंस रही हैं वहां सीवर व पेयजल लाइन लीक। लाइन लीकेज से मिट्‌टी कट जाती है और वाहन गुजरने पर सड़क धंस जाती है।

कुछ स्थानों पर पहले से ही लाइन लीकेज थी और सड़क बनाने से पहले लीकेज को दूर नहीं किया गया।

शहर के सिविल अस्पताल के सामने व शनि मंदिर के पास दो स्थानों पर धंसी सड़क का मुख्य कारण पेयजल लाइन के ज्वाइंट लीक होना है।

ये कहना है अधिकारियों का

1. जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीआे आरके मुंजाल ने कहा कि जिन जगहों पर सड़क धंसी हैं, वे प्वाइंट चेक किए है। जो लीकेज प्वाइंट है उन्हें ठीक किया जा रहा है।

2. नगरपरिषद सचिव राजेश महता ने कहा कि जनस्वास्थ्य विभाग की लापरवाही से सड़कें धंस रही हंै। विभाग लीकेज ठीक नहीं करता जिससे सड़क टूट रही है।

3. बीएंडआर विभाग के कार्यकारी अभियंता कृष्ण कुमार ने बताया कि कुछ लोग बिना स्वीकृति के रोड को उखाड़कर पेयजल व सीवर कनेक्शन करते है तो लाइनों से पानी लीकेज होता है। इसके कारण रोड टूटते हैं।

ये विभाग इसीलिए हैं जिम्मेवार: सड़क धंसने के लिए जनस्वास्थ्य विभाग, बीएंडआर, एनएचआई व नगरपरिषद जिम्मेवार हैं। सीवर व पेयजल की जहां लाइनें लीकेज थी वहां रोड निर्माण करने से सड़कें धंस रही हैं। कुछ स्थानों पर रोड का निर्माण तो दो वर्ष पहले करवाया गया था, लेकिन अब लाइन लीकेज के कारण मिट्टी हटने से सड़क धंस रही है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2lCBQAF

ADD











Pages