सेक्टर-1 व 9 रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के चुनाव के बाद अब सेक्टर-10 के चुनाव पर भी प्रशासक नियुक्त हो गया है। महिला एवं बाल विकास निगम से जिला प्रबंधक पद से रिटायर्ड जेपी मेहता सेक्टर-9 के बाद अब सेक्टर-10 के चुनाव में भी प्रशासक रहेंगे। जिला रजिस्ट्रार फर्म्स एंड सोसाइटीज द्वारा नियुक्त प्रशासक को हरियाणा सोसायटी एक्ट-2012 के अनुसार 6 माह के भीतर चुनाव कराने होंगे।
सेक्टर-10 रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के संविधान के नियमों के अनुसार प्रधान का कार्यकाल 2 वर्ष के लिए था जोकि 13 अगस्त 2019 को समाप्त हो गया था। इसको लेकर वेलफेयर एसोसिएशन के निवर्तमान प्रभु दयाल ने 24 नवंबर 2019 को जनरल बॉडी मीटिंग बुलाई थी। प्रभु दयाल गोयल को सर्व सम्मति से प्रधान चुना गया था। इन चुनावी सरगर्मियों के बीच पूर्व प्रधान नीरू वढेरा मामले को जिला रजिस्ट्रार के संज्ञान में लेकर आए। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद जिला रजिस्ट्रार ने चुनाव को प्रशासक की देखरेख में कराने का निर्णय लिया।
चौथी वेलफेयर एसो. जहां प्रशासक नियुक्त हुआ
इससे पहले सेक्टर-9 रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के 22 दिसंबर 2019 को प्रस्तावित चुनाव के लिए जिला रजिस्ट्रार ने जेपी मेहता को यहां प्रशासक नियुक्त किया था। सेक्टर-1 में समय सीमा के बाद चुनाव कराने का मामला जिला रजिस्ट्रार फर्म्स एंड सोसाइटीज के पास पहुंचा तो यहां भी प्रशासक नियुक्त कर दिया। वहीं पालिका विहार वेलफेयर सोसाइटी के चुनाव भी अब प्रशासक की देखरेख में होंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ubz6xN