
अम्बाला सिटी | दप्पर टोल प्लाजा पर काम करने वाले बलदेव नगर निवासी राजकिरण ने 15 दिन पहले ही एसबीआई से 75 हजार क्रेडिट लिमिट वाला क्रेडिट कार्ड बनवाया था। उनके पास बैंक का प्रतिनिधि बताने वाले कर्मी ने फोन कर बातों में उलझाया और एक्टिवेट हुई लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी बंद कराने के बहाने ओटीपी हासिल कर लिया। जिसके बाद उनके खाते से 38,895 रुपए निकल गए। शातिर ने पूरी लिमिट इस्तेमाल करने की कोशिश की लेकिन इसी दौरान राजकिरण ने बैंक के कस्टमर केयर नंबर पर बात कर कार्ड ब्लॉक करा दिया। इसके बावजूद इस धोखाधड़ी को अंजाम देने वाले शातिर ने उनका पैसा गलती से कट जाने व दोबारा खाते में डालने की बातों में उलझाया लेकिन तब तक राजकिरण पूरा माजरा समझ चुके थे। थाना बलदेव नगर में राजकिरण की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।
राजकिरण के मुताबिक बैंक का प्रतिनिधि बताने वाले व्यक्ति ने उसे पहले खाते से संबंधित निजी जानकारी उपलब्ध कराते हुए उसका विश्वास जीता। फिर बैंक खाते की डिटेल, क्रेडिट कार्ड नंबर, ऑफिस व घर का पता, क्रेडिट कार्ड की पिछली ट्रांजेक्शन की जानकारी ली। जिसके बाद बताया कि उनके खाते से एसबीआई की लाइफ इंश्योरेंस पॉलिसी एक्टिवेट हो गई है अगर उसे बंद करना है तो उनके पास जो मैसेज आएगा उसे उन्हें बता देना। ओटीपी बताते ही उसके खाते से रकम कट गई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2NfIO9m