भास्कर न्यूज | नारायणगढ़
स्पेशल टास्क फोर्स अम्बाला टीम ने बुधवार देर रात कालाआंब रोड पर नाकाबंदी के दौरान दो बदमाशों को हथियारों सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बदमाशों से एक स्कॉर्पियो गाड़ी भी बरामद की है। दोनों पर आॅर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गुरुवार को अदालत में पेश किया। अदालत ने बदमाशों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
गुरुवार रात एसटीएफ टीम हरियाली ढाबे के नजदीक नाकाबंदी कर रही थी। दरअसल, पुलिस मोस्ट वांटेड अपराधियों और नशा तस्करों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान रात 9.15 बजे कालाआंब की तरफ से एक स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठे दो युवक पुलिस को देखकर रुक गए और गाड़ी छोड़कर भागने का प्रयास किया। एसटीएफ टीम के सदस्यों ने दोनों का पीछा कर उन्हें काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान एक ने अपना नाम रवि उर्फ बाबा बताया है। जो नारायणगढ़ के गांव बड़ी रसौर का रहने वाला है। वहीं दूसरा सहारनपुर का विश्वास उर्फ छोटू है। दोनों बदमाशों से दो देसी कट्टे व 7 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर गाड़ी को भी कब्जे में ले लिया है।
ज्वैलर्स और शराब ठेकेदारों की रैकी कर रहे थे बदमाश: डीएसपी एसटीएफ कुलभूषण ने बताया कि रवि और विश्वास ने पूछताछ के दौरान बताया है कि वह यमुनानगर के एक ज्वैलर्स और शराब ठेकेदारों की रैकी कर रहे थे। यह दोनों पता लगा रहे थे कि शराब के ठेकेदार किस समय कैश इक्ट्ठा करते हैं और किस समय बैंक में जमा करवाने जाते हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/35U38U8