भास्कर न्यूज | हिसार
एडीएसजे डॉ. पंकज की अदालत ने पीएलए एरिया में दवा लेने जा रही महिला का पर्स छीनने के मामले में तीन आरोपियों काे दोषी करार दिया है। इन्हें 22 जनवरी को सजा सुनाई जाएगी। दोषियों में ठंडी सड़क स्थित वाल्मीकि बस्ती वासी हसनअली, अनिल और लक्की हैं। इनके विरुद्ध पीएलए वासी सुमन शर्मा की शिकायत पर सिविल लाइन थाना में 25 दिसंबर 2017 को केस दर्ज किया गया था। अदालत में चले अभियोग के अनुसार पीएलए वासी सुमन शर्मा ने पुलिस को बताया था कि वह दवा लेने के लिए घर से निकली थी। जब एक होटल के पास पहुंची थी, तभी पीछे से बाइक सवार तीन युवकों ने आकर हाथ पर झपटा मारकर पर्स छीन लिया था।
पर्स में एक मोबाइल फोन, 4 हजार रुपये, एटीएम कार्ड और जरूरी दस्तावेज थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज करके पहले आरोपी हसन अली को पकड़कर उससे मोबाइल बरामद कर लिया था। इसके बाद लक्की और अनिल को गिरफ्तार कर लिया था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2RyeB6J