भास्कर न्यूज | अम्बाला
लेडीज किटी में ट्रक मनी स्कीम का लालच देकर महिलाओं से ठगी मामले की जांच में लापरवाही पाई गई है। मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर विश्वजीत को लाइन हाजिर कर दिया गया है। 2 दिसंबर को केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी सरोज नारंग को हिरासत में लिया थआ। बाद में यह कहकर जाने दिया कि उसकी तबीयत ठीक नहीं थी। इसी मामले में एसआई विश्वजीत की लापरवाही मिलने पर उसे लाइन हाजिर किया गया है।
ठगी का शिकार हुए लोगों ने मंगलवार को गृह मंत्री अनिल विज से शिकायत की थी जिसपर उन्होंने पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। शुरूआत से ही पुलिस की जांच इस मामले को लेकर सवालों के घेरे में रही। पुलिस ने 5 लोगों को 21 लाख की ठगी का मामला दर्ज किया था। केस दर्ज करते ही पुलिस ने मुख्य आरोपी सरोज नारंग व अमित लूथरा को हिरासत में ले लिया था। मगर हैरत तब हुई जब पुलिस ने सरोज नारंग की तबीयत खराब होने की बात कहकर उसे अस्पताल में भर्ती कराने के बजाए घर जाने की इजाजत दे दी। इसके बाद से अब तक यमुनानगर की रहने वाली सरोज नारंग को गिरफ्तार नहीं किया गया है जबकि इस मामले में ठगी का शिकार हुए 21 और लोग सामने आए। ठगी का मामला 1.82 करोड़ से भी अधिक की राशि तक पहुंचा।
जांच के लिए एसआईटी का भी गठन हुआ, मगर अब तक केस में दूसरी गिरफ्तारी पुलिस नहीं कर सकी है। सरोज अग्रिम जमानत के लिए कोर्ट गई थी लेकिन याचिका खारिज हो गई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/35upsn6