समाचार पत्र में सस्ता लाेन दिलाने का विज्ञापन देकर शातिर ने कैथ माजरी निवासी महिला रिंपी से 50 हजार रुपए ठग लिए। महिला को बच्चों की स्टडी के लिए 12 लाख चाहिए थे और खुद को बजाज फाइनेंस लिमिटेड का सदस्य बताने वाले आरोपी अनिल ने कभी फाइल बनवाने तो कभी लोन केंसिल होने का डर दिखाकर उनसे रकम हड़प ली। वहीं, महिला की शिकायत पर सिटी थाना में आरोपी अनिल के खिलाफ विश्वास में लेकर धोखाधड़ी करने की धाराओं में केस दर्ज किया है। महिला ने पुलिस को आरोपी का पैन कार्ड नंबर, मोबाइल नंबर, बैंक खाता नंबर व आधार कार्ड नंबर भी उपलब्ध कराया है।
महिला रिंपी के मुताबिक उसे जून 2019 में उसे अखबार के माध्यम से बजाज फाइनेंस कंपनी के सस्ते लोन बारे जानकारी मिली। इस विज्ञापन पर आरोपी ने अपना मोबाइल नंबर दिया हुआ था। जब उसके बेटे साहिल ने अनिल कुमार शर्मा से लोन बारे बात की तो उसने अपने आप को बजाज फाइनेंस लिमिटेड कंपनी का सदस्य बताया था। जिसने उसके बाद लोन फाइल तैयार करने की एवज में 800 रुपए अपने बैंक खाता में जमा कराए। उसके बाद अनिल कुमार ने उन्हें कहा कि लोन का काम जल्द हो जाएगा और 50 हजार रुपए और जमा कराने पड़ेंगे। इस एवज में उसने 6300 रुपए और ले लिए। उसके दो दिन बाद आरोपी ने 12200 रुपए फिर 8500 रुपए जमा करवाए। जब उसके बेटे ने उसे पूछा कि लोन कब तक पास हो जाएगा तो आरोपी ने कहा कि उनकी फाइल बंद हो रही है और पैसा जमा कराना पड़ेगा। ऐसा नहीं करने से लोन राशि सरकार के खाते में जमा हो जाएगी। इस संबंध में उन्हें मैसेज भेज कर डिटेल से बात समझाई। उसके बाद आरोपी ने उसके लड़के को फोन किया कि अगर 10 हजार रुपए और जमा नहीं कराए तो उनका लोन केंसिल हो जाएगा और उसे फिर उसे दोष मत देना। जिसके बाद 10 हजार रुपए और जमा कराए। ऐसा करके उसने उनसे 50 हजार रुपए ले लिए। हालांकि, उनका कोई लोन मंजूर नहीं हुआ। जब उससे रकम वापस मांगी तो वह उन्हें टरकाने लगा और अब बात भी नहीं कर रहा है। उन्हें शक है कि आरोपी ने ऐसा कई और लोगों के साथ भी किया होगा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2t1e30H