अखिल भारतीय खेत मजदूर यूनियन के बैनर तले मंगलवार को मजदूरों ने एसडीएम कार्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन किया। धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान मियां सिंह बिठमड़ा ने की तथा संचालन रोहतास राजली किया। बाद में मौके पर पहुंचे तहसीलदार अनिल कुमार को अपनी मांगों का एक ज्ञापन सौंपा। धरने को संबोधित करते हुए यूनियन के राज्य महासचिव का. रामकुमार बहबलपुरिया ने कहा कि भाजपा राज में एक तरफ महंगाई एवं बेरोजगारी की मार व दूसरा थोक में भ्रष्टाचार फैला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियां पूरी तरह मजदूर व गरीब विरोधी हैं। मोदी और खट्टर के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने की बजाए जनता के अधिकारों पर डाका डाल रही है। राम कुमार ने कहा कि लंबे संघर्ष की बदौलत हासिल मनरेगा कानून को मोदी सरकार फेल करने का हर संभव प्रयास कर रही है। सरकार ने मनरेगा के दिन और दिहाड़ी बढ़ाने की बजाय मनरेगा का बजट ही घटा दिया है। मनरेगा कानून में मांगने पर काम नहीं मिलता। किए गए काम की समय पर पूरी पेमेंट नहीं मिलती। कम लोगों से ज्यादा काम लिया जा रहा है। जिला प्रधान मिया सिंह बिठमड़ा व रोहतास राजली ने कहा कि फर्जी दिहाड़ी लगाने एवं फर्जी मस्टररोल भरने की हर रोज शिकायतें सुनने में आ रही हैं। खाद्य सुरक्षा और राशन डिपो पर मिलने वाले राशन में सरेआम घपले बाजी हो रही है। राशन कार्ड बनाने के नाम पर लोगों को ना केवल गुमराह किया जा रहा है बल्कि ऑनलाइन फार्म भरवाने के नाम पर सरेआम लोगों को लूटा जा रहा है। बुढ़ापा पेंशन और मकानों की ग्रांट दलालों की गिरफ्त में है। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार जनता को गुमराह करना बंद करें और समस्याओं का समाधान करे। धरने में पाले राम कंडूल, जगदीश किनाला, श्रद्धानंद राजली, अनिल किनाला, रामपाल बिठमड़ा, रमेश जेवरा, अंजू, शीला, भरपाई जेवरा आदि मौजूद रहे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2HfVsBJ