सप्तक नाट्य ग्रुप के अध्यक्ष व रंगकर्मी विश्वदीपक त्रिखा को नाटक के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए भीष्म साहनी अवार्ड से सम्मानित किया गया है। ‘’बेस्ट थिएटर प्रमोटर’’ अवार्ड सहित अनेक सम्मानों से नवाजे जा चुके त्रिखा को यह अवार्ड तीसरे नोएडा रंग महोत्सव में ड्रामाटरजी थिएटर ग्रुप द्वारा प्रदान किया गया है।
सप्तक के महासचिव अविनाश सैनी ने बताया कि चर्चित नाटककार सुनील चौहान के नेतृत्व में काम करने वाली ड्रामाटरजी दिल्ली की प्रतिष्ठित एवं बेहद सक्रिय रंग संस्था है। यह संस्था हर वर्ष नाटक के क्षेत्र में विशिष्ट उपलब्धि हासिल करने वाले तीन कलाकारों को भीष्म साहनी अवार्ड, महेंद्र मेवाती अवार्ड और जोहरा सहगल अवार्ड देती है। विश्वदीपक त्रिखा को मिले भीष्म साहनी अवार्ड के साथ-साथ इस बार का महेंद्र मेवाती अवार्ड दिल्ली के वरिष्ठ रंगकर्मी और फिल्म अभिनेता सुरेंद्र सागर को और जोहरा सहगल अवार्ड आकाशवाणी दिल्ली में नाट्य विभाग की प्रभारी प्रोड्यूसर काजल सूरी को दिया गया है।
रंगकर्मियों को मंच व अवसर दिया त्रिखा ने: अविनाश
अविनाश सैनी नेे बताया कि 45 साल से नाटक की दुनिया में सक्रिय विश्वदीपक त्रिखा ने हरियाणा में रंगमंच के लिए अनुकूल माहौल बनाने और यहां के रंगकर्मियों को मंच एवं अवसर प्रदान करने की दिशा में बड़ा काम किया है। 2009 से 2014 तक मल्टी आर्ट एंड कल्चर सेन्टर कुरुक्षेत्र के प्रभारी निदेशक के तौर पर उन्होंने हरियाणा और देशभर के कलाकारों के बीच पुल का काम किया। प्रदेश के कस्बों तक में देश के प्रसिद्ध नाटककारों द्वारा निर्देशित नाटकों की प्रस्तुतियां करवाई और यहां की नाट्य मंडलियों को बड़े-बड़े मंचों पर नाटक करने का मौका दिया।
गुड़गांव. नोएडा में आयोजित रंग महोत्सव में रंगकर्मी विश्वदीपक त्रिखा को भीष्म साहनी अवार्ड ग्रहण करते हुए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/38MiFHJ