भिवानी | सेक्टर 13 में पार्कों की दयनीय हालत की शिकायत मंत्री से करने पर ठेकेदार ने शिकायतकर्ता दि. भिवानी अर्बन स्टेट वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर-13 के महासचिव के घर में घुसकर जान से मारने की धमकी दी और जाति सूचक व अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। पीड़ित ने फोन से घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस को आते देख ठेकेदार व उसके परिजन मौके से चले गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर 13 निवासी दि. भिवानी अर्बन स्टेट वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर-13 के महासचिव बुजुर्ग चिरंजी लाल ने बताया कि सेक्टर में पार्कों की हालत खराब है। इस संबंध में एसोसिएशन की तरफ से वे शनिवार को रेस्ट हाउस में केबिनेट मंत्री जेपी दलाल से मिले थे और सेक्टर में पार्कों की हालत सुधरवाने की मांग की। इस दौरान ठेकेदार राजेश शर्म भी मौके पर मौजूद था। चिरंजीलाल ने मंत्री से कहा कि ठेकेदार भी यहीं पर है, इस पर मंत्री ने कहा कि ठीक है ठेकेदार से बात करते है। चिरंजीलाल ने बताया कि इसके बाद वह अपने घर चला गया लेकिन शाम छह बजे ठेकेदार राजेश उसके घर पर आया और गाली देने लगा कि मंत्री के सामने उसकी शिकायत क्यों की। फिर वह वापस चला गया और पांच मिनट बाद दोबारा उसके घर पर लोहे की रॉड लेकर आया। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने अपने घर के अंदर दरवाजा बंद कर अपनी जान बचाई लेकिन हमलावर दीवार फांद कर घर में घुस गया लेकिन उसने अंदर से दरवाजा नहीं खोला। हमलावर मकान के आंगन में लगभग 20 मिनट तक खड़ा रहा और गालियां देता रहा। कुछ समय बाद ठेकेदार का पिता रामकिशन भी मौके पर पहुंचा। शिकायतकर्ता ने बताया कि हमलावर ने उसकी प|ी से कहा कि वह चिरंजीलाल को घर से बाहर निकाले वह उसे जान से मारेगा। जब भी वह बाहर निकलेगा जान से मार देगा। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस के पहुंचने से पहले आरोपी मौके से चला गया। पीड़ित ने पुलिस में शिकायत देकर आरोपी ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है और उसकी जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 294, 452, 506, 34 व एससीएसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Pfg0ij