चंडीगढ़ (सुशील भार्गव). हरियाणा के बजट में मनोहर सरकार अबकी बार भी किसानों पर मेहरबान रह सकती है। तीन दिनों तक विधायकों से की गई प्री बजट चर्चा में अधिकांश विधायकों ने किसानों के लिए बड़े सुझाव दिए हैं। इनमें अलग से कृषि बजट बनाने, किसानों को विदेशी टूर कराने, कृषि पर अनुसंधान के लिए टॉस्क फोर्स का गठन करने प्राकृतिक खेती पर विशेष जोर देना शामिल है। विधायकों ने मेरी फसल मेरा ब्यौरा के लिए ब्लॉक लेवल पर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। पराली प्रबंधन को लेकर विस्तृत योजना बनाई जानी चाहिए। हर ब्लाक में मिट्टी जांच केंद्र बनाए जाएं, आर्गेनिक उत्पादों को सर्टिफाई करने के लिए एजेंसी बनाई जाए।
किसानों की न्यूनतम आय निर्धारित हो : एक विधायक ने सुझाव दिया है कि किसानों की न्यूनतम आय निर्धारित की जानी चाहिए। डार्क जोन में जिन ब्लाक को शामिल किया गया है, उनका रिव्यू कराया जाए। जिन किसानों के बिजली कनेक्शन पेंडिंग हैं वे दिए जाएं, उनकी राशि कम करने पर विचार हो। महिला विधायक ने कहा है कि बेसहारा पशुओं पर नियंत्रण किया जाए, इससे न केवल हादसे होते हैं बल्कि फसल भी बर्बाद कर देते हैं। किसानों को विदेश भ्रमण कराया जाए ताकि म्हारे किसान विदेशी तकनीक अपनाकर उत्पादन बढ़ा सकें।
अच्छे सुझाव बजट में होंगे शामिल: सीएम
चंडीगढ़ | सीएम की विधायकों के साथ प्री-बजट चर्चा गुरुवार को पूरी हो गई। तीन दिन में करीब 250 सुझाव आए हैं। इनमें अच्छे सुझाव बजट में शामिल भी किए जाएंगे। सीएम ने कहा कि रेवन्यू बढ़ाने के बारे में भी विधायकों ने बताया है। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि जितनी आय बढ़ेगी, उसी के अनुसार बजट में खर्चा बढ़ेगा। प्रदेश की जनता के लिए बेहतर बजट पेश किया जाएगा।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भी हरियाणा की इस पहल की तारीफ की है। जजपा विधायक की ओर से भ्रष्टाचार को लेकर उठाए गए मामले पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अवैध कॉलोनियों को लेकर ज्यादातर विधायकों ने बात रखी है। यह चिंता का विषय है कि अवैध कॉलोनियों कैसे बस जाती है। उन्होंने कहा कि पहले भी अवैध कॉलोनियों को नियमित किया गया है। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि सभी को ईमानदारी के साथ काम करना चाहिए।
आज से शुरू होगा हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र
चंडीगढ़ | भाजपा-जजपा गठबंधन का पहला बजट सत्र शुक्रवार को शुरू होगा। पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा, जिसमें सरकार का विजन रखा जाएगा। इससे पहले बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक होगी, जिसमें विधानसभा सत्र के शेड्यूल को निर्णय लिया जाएगा। पहले दिन एक सिटिंग में सत्र चलेगा। क्योंकि दोपहर बाद दो बजे कैबिनेट की मीटिंग होगी, जिसमें एक्साइज पॉलिसी रखी जाएगी। 21 से तीन दिन अवकाश रहेगा। विधानसभा की ओर से जारी संभावित कार्यक्रम के अनुसार 3 मार्च तक चलने वाले सत्र में 28फरवरी को सीएम बतौर वित्त मंत्री बजट पेश कर सकते हैं।
विधायकों के 500 सवाल आए
विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि बीएसी में बजट सत्र की अवधि आदि का निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार ड्रा सिस्टम से विधायकों के सवालों का चयन किया जा रहा है। अब तक विधायकों के करीब 500 सवाल आ चुके हैं। जिनके विधानसभा सत्र के आखिर दिन से 15 दिन पहले सवाल आएंगे, वही शामिल किए जाएंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2SG9kvC