गुड़गांव में कोरोना वायरस से लगातार लोगों के लिए डर का माहौल बना हुआ है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने दो नए मरीजों के सैंपल जांच के लिए लैब में भेजे हैं। अभी तक बेशक गुड़गांव में दो लोगों में ही वायरस (कोविड-19) की पुष्टि हुई है, लेकिन ये दोनों ही विदेश से लौटे थे। इसके बावजूद भी दोनों कंपनियों के कर्मचारियों को भी निगरानी में रखा गया है। साथ ही दोनों ही कंपनियों को भी बंद कराया गया है। जिससे स्वास्थ्य विभाग में भी हड़कंप है। वहीं वायरस का इस कदर लोगों में है कि हर साल होली के दिन 100 से अधिक सोसायटियों व कालोनियों में होली मिलन समारोह आयोजित किए जाते थे, लेकिन इस बार एक भी सोसायटी में आरडब्ल्यूए की ओर से होली मिलन समारोह आयोजित नहीं किया गया। चीन के वुहान से शुरू हुए कोरोना वायरस के डर से लोग मामूली खांसी, जुकाम व सिर दर्द होने पर ही कोरोना का टेस्ट कराने की जिद कर रहे हैं। लेकिन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी ऐसे लोगों को समझा रहे हैं कि गंभीर होने पर ही टेस्ट के लिए सेम्पल भेजा जा सकता है। गुड़गांव में उद्योग विहार व न्यू गुड़गांव के सेक्टरों के लोगों को सबसे अधिक डर देखने को मिल रहा है। मेट्रो में सफर करने वाले 40 % लोग अब मास्क का इस्तेमाल कर रहे हैं।
मेवात में कोरोना वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई सतर्कता, सैनिटाइजर और मास्क की कमी ना हो, विभाग कर रहा है प्रयास
भास्कर न्यूज। फिरोजपुर झिरका. देश में लगातार बढ़ रहे कोरोना वायरस के संक्रमण से लोगों को बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग भी सतर्कता बनाए हुए हैं। हैंड सैनिटाइजर व फेस मास्क की कमी के लिए जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी दवा विक्रेताओं से जिला नूंह व गुड़गांव में संपर्क कर आपूर्ति सुनिश्चित करने का सुझाव दे रहे हैं। अधिकारियों ने जिले भर के दवा विक्रेताओं को सख्त हिदायत दी है कि कोई भी दवा व मास्क, सैनिटाइजर की कालाबाजारी न करें। सिविल सर्जन डॉ वीरेंद्र यादव ने बताया कि अभी तक जिला नूंह में कोरोना वायरस से संक्रमित कोई भी केस रिपोर्ट नहीं हुआ है। व नागरिक अस्पताल में आइसोलेशन वार्ड बनाने के साथ-साथ एक स्पेशल एंबुलेंस भी तैनात की गई है।
जिला औषधि नियंत्रण अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि दवाई पेरासिटामोल की बाजार में कोई कमी नहीं है। जिले के दवा विक्रेताओं व सरकारी अस्पतालों में पेरासिटामोल का पर्याप्त स्टाक मौजूद है। हैंड सैनिटाइजर व फेस मास्क के लिए वो खुद गुड़गांव के थोक विक्रेताओं के साथ लगातार संपर्क में है। डीसी पंकज यादव के विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट दिशा निर्देश है कि आमजन को कोई परेशानी या किसी दवाई की कमी महसूस न होने दी जाए।
डीएलएसए ने जागरूकता अभियान चलाया
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रदीप चौधरी की अध्यक्षता में जिला न्यायालय में आउटरिच कैंपेन के दौरान मेडिकल अवेयरनैस कैंप का आयोजन किया। इस कैंप में कोरोना वायरस से बचने के तरीके बताए गए। इस अवसर पर डॉ. विनीत यादव, नोडल आफिसर, सिविल अस्पताल ने बताया कि कोरोना वायरस विषाणुओं का एक बड़ा समूह है, जो इंसानों में सामान्य जुकाम से लेकर श्वसन तंत्र की गंभीर समस्या तक पैदा कर सकता है। ा कोरोना वायरस से एसएआरएस और एमईआरएस जैसी जानलेवा बीमारियां भी हो सकती हैं। वायरस का नाम इसके शेप के आधार पर रखा गया है।
कंपनियां घर से काम करने की व्यवस्था कर रहीं
गुड़गांव की दो बहुराष्ट्रीय कंपनियों के कर्मियों में कोरोना वायरस पॉजिटिव केस मिलने से उद्योग जगत में अपेक्षाकृत अधिक दहशत है। ऑफिसों में घटती उपस्थिति देखते हुए कंपनी प्रबंधनों ने अपने कर्मियों को सभी तरह के एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं। अमेरिकी कंपनियों ने अपने कर्मियों को घर से ही अधिक से अधिक काम करने की छूट दी है। हाईटेक एसोसिएशन के प्रेसिडेंट प्रदीप यादव ने बताया कि गुड़गांव में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामले पाए जाने से आईटी-आईटी इनेबल व बीपीओ कंपनियों में दहशत का माहौल है। कंपनियों के कर्मी काम पर आने से कतराने लगे हैं। सोमवार को अधिकतर कंपनियों में अवकाश घोषित की गई थी।
स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों को किया कोरोना वायरस से बचाव के लिए ट्रेंड
सोमवार को पंचकूला में विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की टीम ने प्रदेशभर के स्वास्थ्य विभाग के डाक्टरों को ट्रेनिंग दी। कोरोना से बचाव के लिए वे कैसे लोगों को अवेयर कर सकते हैं। इस ट्रेनिंग में गुड़गांव के महामारी विशेषज्ञ डा. रामप्रकाश, फिजिशियन डाक्टर नवीन, डा. रंजना, लैब टेक्नीशियन निर्मल ने हिस्सा लिया। डा. रामप्रकाश ने बताया कि वे अब मंगलवार व बुधवार को जिला के सभी हेल्थ वर्कर को ट्रेनिंग देंगे। जिससे कि लोगों को बताया जा सके कि वे कोरोना वायरस से बचाव के लिए क्या-क्या उपाय कर सकते हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2wFt61I