चंडीगढ़.प्रदेश में खरीद प्रक्रिया को लेकर सीएम मनोहर लाल आज चंडीगढ़ में किसानों व किसान प्रतिनिधियों के साथ मंथन करेंगे। प्रदेशभर से करीब 13 ऐसे किसानों व किसान प्रतिनिधियों को चंडीगढ़ बुलाया गया है। इसमें गेहूं, सरसों सहित अन्य फसलों की खरीदों की प्रक्रिया को लेकर गहन मंथन किया जाएगा। सीएम कैंप ऑफिस में होने वाली बैठक की तैयारी भी बड़े स्तर पर की गई है।
प्रदेश सरकार खरीद प्रक्रिया काे लेकर नई रणनीति बना रही है, ताकि इससे किसानों को किसी तरह की दिक्कत न हो। सीएम के साथ होने वाली बैठक में करनाल जिला से साहब सिंह, राजकुमार, रत्न मान, कैथल से महेंद्र सिंह, कुरुक्षेत्र से हरविंद्र सिंह, हिसार से मनोज व रामभगत, भिवानी से सुरेश कुमार व सुनीता, फरीदाबाद से मुकेश यादव, सिरसा से कमलेश नैन, रोहतक से महेंद्र सिंह, सोनीपत से वीरेंद्र भाग लेंगे। सूत्रों का कहना है कि इस बैठक में कृषि विभाग के आला अफसरों के अलावा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।
इसके अलावा अनाज मंडियों से जुड़े अफसर भी बैठक में भाग ले सकते हैं। बैठक को लेकर विभागों की ओर से जिन किसानों व प्रतिनिधियों को चंडीगढ़ का निमंत्रण दिया गया है, उन्हें सुबह 10 बजे तक चंडीगढ़ पहुंचने का आहवान किया गया है। बैठक सुबह 11 बजे शुरू होगी और कई मुद्दों पर चर्चा होगी।
बजट से पहले भी की थी चर्चा
सीएम मनोहर लाल ने प्रदेश में एक नई प्रथा शुरू की है। वे वित्त मंत्री भी हैं और बजट से पहले उन्होंने विभिन्न संगठनों के साथ गहन चर्चा की थी। यही नहीं पंचकूला में सभी विधायकों के साथ तीन दिनों तक मंथन भी किया था। नई दिल्ली में सभी सांसदों के साथ बजट पूर्व चर्चा की थी। इसके बाद ही उन्होंने हरियाणा का बजट पेश किया था। प्रदेश में गेहूं की खरीद एक अप्रैल से शुरू होती है। ऐसे में खरीद से ठीक 11 दिन पहले होने वाली सीएम की इस बैठक के कई मायने हैं। 25 लाख हेक्टेयर में गेहूं अौर साढ़े छह लाख हेक्टेयर में सरसों की फसल है। रबी में अन्य फसल भी किसान उगाते हैं। खरीफ में यहां सबसे अधिक धान की करीब 14 लाख हेक्टेयर में फसल होती है। सरकार भावांतर भरपाई योजना के तहत पहले ही कई बागवानी व अन्य फसलों को शामिल कर चुकी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2xU9ac5