जिले में कोरोना का आंकड़ा एक बार फिर नीचे सरका। एक दिन पहले जहां एक साथ आठ संक्रमित केस मिले थे। वहीं मंगलवार को भी एक केस मिला। जिससे प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग ने भी राहत की सांस ली। अब जिले में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 125 हो गया है। जिले में कोरोना को हराने वालों का आंकड़ा भी बढ़ा है। अब तक 101 लोग ठीक होकर घर लौट चुके हैं। मंगलवार को एक और संक्रमित को अस्पताल से छुट्टी मिली। अब जिले में एक्टिव केस भी 24 रह गए हैं।
लाडवा में युवक मिला संक्रमित : मंगलवार को लाडवा के वार्ड-सात में एक 37 वर्षीय युवक संक्रमित मिला। उसके दो दिन पहले सैंपल भेजे थे। उक्त युवक पिछले कुछ दिनों में 12 लोगों के संपर्क में आया था। जिस पर अब इन सभी लोगों के सैंपल लिए जाएंगे। अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ कि उसे कहां से वायरस ने चपेट में लिया। माना जा रहा है कि लाडवा में ही किसी संक्रमित के संपर्क में आने से वह संक्रमित हुआ होगा ।
अब तक 101 हो चुके ठीक : वहीं जिले में संक्रमित तेजी से ठीक भी हो रहे हैं। मंगलवार को कृष्णा नगर गामड़ी से एक 51 वर्षीय व्यक्ति ने कोरोना को हराया । जिस पर उसे मुलाना अस्पताल से छुट्टी मिल गई। बता दें कि जिले में अब तक 101 लोग कोरोना को हरा चुके हैं ।
मुलाना में अब पांच मरीज, 17 केयर सेंटर में
सीएमओ डॉ. सुखबीर के मुताबिक जिले में एक्टिव केस अब 24 रह गए हैं। इनमें से पांच लोगों को मुलाना मेडिकल कालेज, 17 मरीजों को हिरमी कोविड केयर सेंटर, एक को मेदांता अस्पताल गुरुग्राम और एक को घर पर आइसोलेट किया है।
10703 रिपोर्ट मिली निगेटिव : कोरोना वायरस की जांच के लिए जिले में अब तक 11251 सैंपल भेजे गए। इनमें से 10703 की रिपोर्ट निगेटिव आ चुकी है। अब 423 सैंपल की रिपोर्ट पेंडिंग हैं। जिले में अब तक 125 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं।
सेक्टर सात में बना कंटेनमेंट व बफर जोन
सेक्टर सात में पॉजिटिव केस मिलने पर कंटेनमेंट जोन बनाया है। बता दें कि सेक्टर सात निवासी एक व्यक्ति गुरुग्राम मेदांता अस्पताल में कोविड पॉजिटिव मिला है। उनके संपर्क में आए लोगों के सैंपल भी जांच को भेजे हैं। सेक्टर सात के अलावा गांव लोहारा में भी कंटेनमेंट बनाया है।
लोहारा में प्यारा सिंह के ट्यूबवेल पर कंटेनमेंट रहेगा। बीडीपीओ लाडवा व नगर परिषद थानेसर कंटेनमेंट जोन में सेनिटाइजेशन कराएंगे। लोहारा में एसडीएम लाडवा के कार्यालय में कंट्रोल रुम स्थापित किया है। एसडीएम लाडवा अनिल यादव के मोबाइल नम्बर 94164-84996, 70152-43893 और 01744-265555 हेल्पलाइन रहेगी।
उमरी और लाडवा के वार्ड एक से हटी पाबंदी
डीसी डॉ. धीरेंद्र खड़गटा ने कहा कि गांव उमरी में संत लाल व सुरेन्द्र चीमा के घर तक कंटेनमेंट जोन और सोमा बारदाना से शिव कुमार के घर तक बने बफर जोन को खत्म किया है। इसी प्रकार लाडवा के वार्ड नम्बर एक में रवि की दुकान से राजन फर्नीचर हाउस बाबैन रोड लाडवा तक कंटेनमेंट जोन को हटाया है।
संक्रमित की पहचान उजागर करना अपराध : कोराना में किसी संक्रमित की पहचान सोशल मीडिया पर उजागर करना महंगा पड़ सकता है। एसपी आस्था मोदी ने कहा कि इस तरह सार्वजनिक करना प्राकृतिक आपदा अधिनियम के तहत अपराध है। इसीलिए लोगों से अपील है कि सोशल मीडिया, प्रिंट या इलेक्ट्रॉनिक पर किसी संक्रमित की पहचान उजागर न करें। ऐसा करने पर संबंधित के खिलाफ केस भी दर्ज किया जा सकता है।
बता दें कि शनिवार को एक विधायक के अस्पताल में भर्ती होने पर सोशल मीडिया पर गलत जानकारी व अफवाह फैली। टेस्ट रिपोर्ट आने से पहले ही उन्हें पॉजिटिव होने की चर्चा चली। जबकि रिपोर्ट रविवार शाम को मिली।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2D0lCK1