काेराेना के खतरे के बीच तीन दिन के लिए बंद किए माल गेड़ाम राेड व पुरानी सब्जी मंडी बाजार को लेकर पहले ही दिन व्यापारी विरोध के फ्रंट पर आ डटे। माल गोदाम रोड पर दुकानदारों ने शराब ठेका खुला रखने और उनकी दुकानें बंद करने पर प्रशासनिक टीम के आगे विरोध जताया। कुछ देर यहां हंगामे की स्थिति भी बनी। वहीं पुरानी सब्जी मंडी बाजार को लेकर व्यापारी एसोसिएशन ने भी विरोध जताया। मामले में एसोसिएशन पहले पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर व बाद में डीसी आरएस वर्मा से मिली। हालांकि प्रशासन की ओर से दोनों ही मामलों में अभी किसी प्रकार की छूट नहीं दी गई है।
व्यापारियों को हिदायत दी गई है कि तीन दिन तक बाजार बंद रखने के आदेशों की हर हाल में पालना करें। कोरोना संक्रमण के खतरे के बीच ये आदेश व्यापारी व समाज दोनों के हित में है। दरअसल गुरुवार सुबह माल गोदाम रोड पर दुकानदारों ने ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार गुलाब सिंह के सामने बाजार बंद करने को लेकर विरोध जताया। साथ ही यहां पर बाजार में खुले शराब ठेके के खुले होने और राशन की दुकान बंद होने पर भी आपत्ति जताई। वहीं दूसरी ओर पुरानी सब्जीमंडी को बंद करने को लेकर भी बैठकों के दौर चलते रहे। इसके बाद रात को पूर्व मंत्री व डीसी से मुलाकात कर दुकानदार संतुष्ट हुए। अब अधिकारियों की ओर से दोनों बाजारों के प्रधानों की बैठक कर बुलाकर ही आगामी फैसला लिया जाएगा। फिलहाल बाजार खुलने को लेकर कोई सहमति नहीं बनी है।
बाजारों में न सोशल डिस्टेंसिंग बन पा रही और न ही अधिकतर लोग मास्क लगाते, इससे बढ़ रहा संक्रमण का खतरा
निगम की टीम ने बाजारों में जाकर काटे चालान, जुर्माना वसूला: गुरुवार शाम काे बंद किए हुए मालगाेदाम राेड पर अार्यव्रत ट्रांसपाेर्ट की ओर से दुकान खाेलने पर नगर निगम टीम ने 10 हजार रुपए का चालान काट दुकान को बंद करा दिया। वहीं निगम की टीम ने साेनीपत राेड पर बिना मास्क वाले 7 लाेगाें के चालान काटे अाैर शाम काे 7 बजे के बाद पेंट की दुकान व एक किरयाने शाेरूम खुलने पर चालान काटा। कई जगह अतिक्रमण भी हटाया।
बाजार बंद होने पर बिफरे दुकानदार, पूर्व मंत्री-डीसी से मिले: मालगोदाम रोड बाजार तीन दिन के लिए बंद रखने के फैसले के विरोध में गुरुवार सुबह ही खाद्य सामग्री खराब होने का हवाला देकर दुकानदारों ने नाराजगी जताई। इस दौरान दुकानदारों ने कहा कि सुबह से चार बार अधिकारी बाजार में आ चुके हैं। हर कोई अपनी बात सुनाकर चला जाता है। यहां पर वाहनों के कारण भीड़ होती है। ट्रैफिक का समाधान किया जाना चाहिए। यदि किसी का दुकान के बाहर सामान रखा है तो उसका चालान काटने में प्रधान भी मदद करेगा। तहसीलदार गुलाब सिंह ने दुकानदारों को डीसी के समक्ष अपनी मांग रखने की कही।
मालगोदाम रोड के प्रधान राकेश सिक्का ने कहा कि प्रशासन को सोचना चाहिए कि बच्चों के लिए दूध व राशन तो बंद हैं, लेकिन शराब का ठेका खुला हुआ है। इसके बाद दोपहर डेढ़ बजे पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर से व्यापारियों ने डीएलएफ कॉलोनी में मुलाकात की और बाजार को तीन दिन के लिए सील करने के लिए समस्या रखी। मनीष ग्राेवर ने प्रशासनिक अधिकारियों से बात कर समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया।
मिठाई विक्रेता बोले- लाखों का माल खराब हो जाएगा: मिठाई विक्रेता राजेंद्र कुमार मोंटू, प्रवीन कुमार, रिंकी सोनी व नीरज भुटियानी का कहना है कि लाॅकडाउन की अचानक घोषणा होने के कारण लाखों रुपए की मिठाई व कच्चा माल खराब हो चुका था। अब गुरुवार को मालगोदाम रोड की दुकानें तो बंद रही, लेकिन हमारी तो दुकानें बाहर की ओर हैं, फिर भी माल गोदाम के चक्कर में बंद करवा दिया। हम दूध, पनीर व मावा की सप्लाई करते हैं। उसके खराब होने का डर है।
पुरानी सब्जी मंडी : देर रात पूर्व मंत्री व डीसी से मिले व्यापारी
ओल्ड सब्जी मंडी एसोसिएशन के प्रधान बिट्टू टक्कर ने अपने घर पर दुकानदारों की समस्याओं को लेकर पहले अपनी कार्यकारिणी की बैठक की। इस दौरान पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर और डीसी आरएस वर्मा से मिलकर बाजारों में दुकानदारों की समस्या को समझाने का फैसला लिया गया। शाम को सवा सात बजे दुकानदार पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर से मुलाकात करने के लिए उनके निवास पर पहुंचे और उन्हें बताया कि बाजार बंद होने से समस्या आएगी। इसका कारण रेहड़ी व फड़ी वाले बने हुए हैं, जिसके कारण भीड़-भाड़ की समस्या आती है और समझाने के बाद भी नहीं मानते हैं।
इन्हें बदलकर सब्जीमंडी के अंदर शिफ्ट कर दिया जाए, ताकि भीड़ की समस्या ना बन सके। इसके बाद पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने डीसी आरएस वर्मा से फोन पर बात की और उन्हें दुकानदारों की समस्या का निदान करने की बात कही। इसके बाद प्रधान बिट्टू टक्कर के नेतृत्व में रात को पौने आठ बजे सभी दुकानदार डीसी अारएस वर्मा से उनके कैंप आफिस में पहुंचे। यहां पर करीब आधा घंटा मुलाकात के दौरान डीसी ने दुकानदारों का समझाया कि उनके बचाव के लिए ही इस तरह का कदम उठाया गया है। यदि कोई दुकानदार दुकान से बाहर सामान लगाता है तो उसका चालान किया जाएगा। बाकी समस्याओं का समाधान करेंगे। इस दौरान तरुण शर्मा, कमल सचदेवा, मोनू मित्तल, अनिल धींगड़ा, बाल किशन परूथी, सन्नी गाबा भी मौजूद रहे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3dRPCEp