मॉडल टाउन में लाल रंग की अपाचे पर सवार दो बदमाश एक्सपोर्टर दोस्त के साथ मॉर्निंग वॉक पर निकले यार्न कारोबारी से सोने की चेन (विद पैंडल) लूट ले गए। बदमाश दो सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए हैं। वहीं, दूसरी लूट की वारदात आसन कलां स्थित शराब के ठेके पर हुई। तीन बदमाशों ने ठेके के सेल्समैन पर एक फायर और दूसरा फायर रेहड़ी वाले पर किया। बदमाश ठेके से करीब 13 हजार रुपए कैश और दो शराब की बोतल लूटकर ले गए।
वरदात 1- मुंह पर मास्क लगाकर आए, 3 सेकंड में चेन तोड़ कर ले गए
मॉडल टाउन के रहने वाले ओम लखीना ने बताया कि उनका यार्न का कारोबार है। एक्सपोर्टर दोस्त रमन छाबड़ा के साथ गुरुवार सुबह करीब पौने 8 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। डॉ. एमकेके स्कूल के पास पीछे से अाए लाल अपाचे सवार दो बदमाशों ने तीन सेकंड में गले से चेन तोड़ ली। बदमाश गुरुद्वारे की तरफ भाग गए। दोनों बदमाशों ने हेलमेट लगा रखे थे। उन्होंने कंट्रोल रूम पर सूचना दी। पुलिस ने बदमाशों की आसपास तलाश की लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ सके। पुलिस ने आसपास घरों के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए तो दो अलग-अलग सीसीटीवी कैमरे में वह कैद हो गए थे।
एक ही अंदाज में अंजाम दी लूट की वारदातें
इन बदमाशों ने 27 अगस्त की सुबह सेक्टर- 11/12 में मार्केटिंग बोर्ड की महिला क्लर्क से चेन लूटी थी। बदमाशों ने पास में आकर बाइक की गति धीमी कर ली और फिर अचानक की झपट्टा मारकर भाग गए थे। इस घटना के 3 घंटे बाद ही बदमाशों ने गन्नौर में माइनिंग इंस्पेक्टर की बेटी से चेन लूट ली थी। यहां भी बदमाशों ने यहीं अंदाज प्रयोग किया था। बुधवार सुबह बदमाशों ने मॉडल टाउन में कारोबारी के साथ चेन लूटने के दौरान यहीं स्टाइल प्रयोग किया। पहले पास आकर बाइक धीमी की और चेन झपटने के बाद बाइक को दौड़ा दिया।
वरदात 2- पहले ग्राहक बनकर शराब मांगी, बैग से निकाल तीनों बदमाशों ने तान दी पिस्तौल
मूलरूप से कन्नौज, यूपी के रहने वाले गणेश ने असंध चौकी को बताया कि वह नोहरा-आसन कला रोड स्थित शराब ठेके पर सेल्समैन है। गुरुवार शाम करीब पौने 5 बजे वह ठेके के बाहर कुर्सी पर बैठा था। खुखराना की तरफ से एक बाइक पर तीन बदमाश ग्राहक बन आ गए। तीनों 20 से 25 साल के थे। आते ही 10 बोतल शराब मांगी। फिर उन्होंने दो बोतल और मांगी। उन्होंने जैसे ही बोतल काउंटर पर रखीं। बदमाशों ने उन्हें बैग में रख लिया। बैग से पिस्तौल निकाल ली। दोनों बदमाशों ने भी पिस्तौल तान दी। दो बदमाशों ने कनपटी के दोनों तरफ पिस्तौल लगा दी।
तीसरे बदमाश ने गल्ले से कैश निकाल लिया। उन्होंने विरोध किया तो फायर कर दिया। गोली दुकान में लगे जाल में लगी। बदमाश और कैश मांगने लगे। इनकार करने पर गोली मारने की धमकी दी। उन्होंने ठेके के सामने ही अंडे की रेहड़ी लगाने वाले प्रवीन को आवाज दी। प्रवीन जैसे ही ठेके की तरफ आया तो बदमाश ने उस पर फायर कर दिया। गोली उसके सिर के बराबर से निकल गई। वह पीछे हट गया। बदमाश करीब 13 हजार रुपए कैश और दो बोतल शराब की लूटकर खुखराना की तरफ भाग गए। एएसआई रमेश कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/340PKhZ