कोरोना काल के चलते यह सत्र आधे से ज्यादा निकल चुका है। स्कूलों में भी केवल कक्षा 9 से 12वीं के ही विद्यार्थी परामर्श के लिए पहुंच रहे हैं। अब नवंबर माह में ही स्कूल खुलने की संभावना है। आगामी नए सत्र में कक्षा पहली से 8वीं की नि:शुल्क पुस्तकें समय से स्कूलों में भिजवाने को विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने खाका तैयार करना शुरू कर दिया है। निदेशालय की ओर से शैक्षणिक सत्र 2021-22 के लिए पाठ्यपुस्तकों की डिमांड मांगी है।
इस बार यह डिमांड स्कूल स्तर पर ही भेजी जानी है। स्कूल को एमआईएस पोर्टल पर यह डिमांड 16 नवंबर से पहले भेजनी होगी। निदेशालय के आदेशानुसार शैक्षणिक सत्र 2021-22 के लिए पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध करवाने को छपाई का आरंभ किया जाना है। इसी को लेकर यह डिमांड मांगी है। इधर, खंड शिक्षा अधिकारी खोल महेंद्र सिंह का
कहना है कि पुस्तकों की मांग भेजने संबंधी निर्देश मिले हैं। पूर्व में पाठ्यपुस्तकों की मांग विद्यालय स्तर से खंड तथा जिला स्तर पर संकलित होते हुए निदेशालय में पहुंचती थी। जिसके कारण सूची में काफी त्रुटियां होती थी।
यदि किसी विद्यालय द्वारा यह सूचना नहीं भरी जाती है अथवा गलत भरी जाती है तो इसके लिए विद्यालय मुखिया स्वयं जिम्मेवार होंगे। दूसरे यह 30 सितंबर 2020 की छात्र संख्या के आधार पर आगामी सत्र 2021-22 के लिए पाठ्यपुस्तकों की मांग एमआईएस पोर्टल पर 16 नवंबर तक भरनी होगी।
पाठ्यपुस्तकों की डिमांड भरते समय जरूरी ध्यान रखने वाली बातें
- डिमांड भरते समय पुस्तक का नाम ध्यान से चुनें।
- एमआईएस पोर्टल पर भरी गई मांग को ही अंतिम माना जाएगा, इसके लिए अतिरिक्त किसी भी अन्य तरीके से की गई मांग को डील नहीं किया जाएगा।
- यदि एक ही कक्षा के अलग-अलग विषयों की पुस्तकों की मांग एक समान है अर्थात अंग्रेजी की मांग 10, हिंदी की मांग 10 तथा गणित की मांग भी 10 है तो ऐसी अवस्था में समान मांग वाली पाठ्यपुस्तकों को एक साथ सिलेक्ट कर एक ही बार मांग भरें।
- यदि कक्षा के अलग-अलग सेक्शन है तो सभी सेक्शन की मांग संकलित कर एक साथ भरें न कि अलग-अलग।
- अगर किसी कारणवश गलत मांग भरी जाती है तो विद्यालय दोबारा भी सही मांग भर सकते हैं तथा अंतिम बार भरी गई मांग को ही फाइनल माना जाएगा। पुरानी मांग रद मानी जाएगी।
- किसी भी जानकारी के लिए textbookcell329@gmail.com पर भी संपर्क कर सकते हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3dSF1KZ