कांग्रेस के सासन, दर्शना मेहता व दलजीत भाटिया के वार्ड आरक्षित, 20 में से 12 वार्ड का रिजर्वेशन लॉटरी से तय, दिसंबर के अंत तक चुनाव होने की संभावना - OTA BREAKING NEWS

Breaking

Post Top Ad

Responsive Ads Here

Monday, 19 October 2020

कांग्रेस के सासन, दर्शना मेहता व दलजीत भाटिया के वार्ड आरक्षित, 20 में से 12 वार्ड का रिजर्वेशन लॉटरी से तय, दिसंबर के अंत तक चुनाव होने की संभावना

अम्बाला सिटी नगर निगम के वार्ड आरक्षित करने के लिए सोमवार को निकाली गई लॉटरी ने कई नेताओं की मंसूबों पर पानी फेर दिया। कुल 20 में 12 वार्ड आरक्षित हुए। कई दिग्गजों के वार्ड भी आरक्षण की जद में आ गए। इनमें नगर परिषद के अध्यक्ष रहे कांग्रेस के हरीश सासन का वार्ड नंबर 4 बीसी तो पूर्व पार्षद दर्शना मेहता का वार्ड-2 एससी के लिए आरक्षित हो गया। कांग्रेस के ही पूर्व पार्षद दलजीत भाटिया का वार्ड-12 महिला आरक्षित हो गया। रिजर्वेशन की पर्ची भाजपा के पूर्व पार्षद हरीश शर्मा पर भी भारी पड़ी। उनका वार्ड-17 महिला आरक्षित हो गया है। निवर्तमान मेयर रमेश मल का वार्ड-14 भी एससी महिला के लिए रिजर्व हुआ है। संभावना है कि दिसंबर के अंत तक चुनाव हो जाएंगे।

अम्बाला सदर नगर परिषद की वार्डबंदी भी अभी सार्वजनिक नहीं हुई है। ऐसे में चुनाव लटक सकते हैं। डीसी अशोक शर्मा के ऑफिस में वीडियोग्राफी के बीच पर्चियां डालकर आरक्षण तय हुआ। नगर निगम कमिश्नर पार्थ गुप्ता की अध्यक्षता में ड्रॉ निकाले गए। शहरी स्थानीय निकाय विभाग के उपनिदेशक आरएस पराशर, वार्डबंदी कमेटी के सदस्य रितेश गोयल, कृपाल सिंह सग्गु, सुरेश सहोता मौजूद रहे।

मेयर पद पर नजर

पहली बार मेयर का सीधा चुनाव होना है और महिला के लिए आरक्षित है। यह पद सभी दलों के लिए नाक का सवाल बनेगा। सत्तारूढ़ भाजपा, कांग्रेस के बीच पूर्व मंत्री निर्मल सिंह का हरियाणा डेमोक्रेटिक फ्रंट त्रिकोण बना रहा है। विधानसभा चुनाव में निर्मल सिटी हलके में दूसरे नंबर पर रहे थे। वहीं, 2 बार सिटी विधायक रहे पूर्व मंत्री विनोद शर्मा की पिछले कुछ दिनों से बढ़ी सक्रियता ने रोमांच बढ़ाया है। एचडीएफ की ओर से एक पूर्व पार्षद की पूर्व पार्षद पत्नी का नाम चर्चाओं में है। कांग्रेस व भाजपा में दावेदारों की लिस्ट अभी लंबी है।

हिम्मत व पवन नहीं लड़ेंगे - मल बहू तो बिट्‌टू चावला पत्नी को लड़ाएंगे, राजेश मेहता वार्ड बदलेेंगे

पुत्रवधू लड़ेंगी : रमेश मल

मेरा वार्ड महिला के लिए आरक्षित हो गया है। मैं पुत्रवधू को चुनाव लड़वाऊंगा। लोग आज भी मेरे साथ खड़े हैं। इसलिए बहू को चुनाव मैदान में उतारा जाएगा।
-रमेश मल, पूर्व मेयर

मैं नहीं लडूंगा: हिम्मत सिंह

पार्षद का चुनाव नहीं लड़ूंगा, लेकिन हरियाणा डैमोक्रेटिक फ्रंट के मेयर और 20 वार्डों में चुनाव लड़ने वाले पार्षदों को जिताने के लिए जी जान से कोशिश करेंगे।
-हिम्मत सिंह, पूर्व पार्षद

लड़ने का मन नहीं: पवन

मैं कई बार पार्षद बन चुका हूं, इस बार चुनाव नहीं लड़ूंगा। हमारे वार्ड से कांग्रेस पार्टी जिसे भी उम्मीदवार बनाएगी, उसकी जीत के लिए ताकत लगाएंगे।
-पवन अग्रवाल, पूर्व पार्षद, कांग्रेस

पार्टी की इच्छा पर: दलजीत

मेरा वार्ड महिला रिजर्व हो गया है। अब मैं सेक्टर 9 में रह रहा हूं। अगर पार्टी चुनाव लड़ाना चाहेगी तो चुनाव लड़ने को तैयार हूं। पत्नी को मेयर के लिए टिकट मिला तो भी पीछे नहीं हटेंगे।
-दलजीत भाटिया, पूर्व पार्षद, भाजपा (पहले कांग्रेस में थे)

हम दोनों मैदान में: सोनिया

इस बार हमारा वार्ड 4 बना है। चुनाव लड़ूंगी। लोग पति टोनी चौधरी को भी चुनाव लड़ने के लिए कह रहे हैं। इसलिए कोशिश रहेगी कि वह वार्ड 3 से चुनाव लड़ें, वो हमारा पुराना वार्ड है।
-सोनिया रानी, पूर्व पार्षद

बेटे को लड़वाएंगे: गुगलानी

मेरा वार्ड 8 ओपन है। इसलिए इस बार मैं खुद चुनाव लडूंगा या बेटे को कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ाएंगे। लोगों का भरपूर समर्थन हमारे पास आज भी है।
-राजन गुगलानी, पूर्व पार्षद

पत्नी की तैयारी: चावला

हमारा वार्ड-14 अनुसूचित जाति की महिला के आरक्षित हो गया है। पत्नी अमीशा चावला मेयर के लिए तैयारी कर रही हैं। मेरे वार्ड में जिसे पार्टी चाहेगी, उसे समर्थन दूंगा।
-दलीप चावला बिट्टू, पूर्व पार्षद

पार्टी पर निर्भर करेगा: हरीश

मेरा 17 नंबर वार्ड महिला के लिए आरक्षित हो गया है। अभी मैं कुछ नहीं कह सकता कि चुनाव लडूंगा या नहीं। यह पार्टी पर निर्भर है कि मुझे कहां से चुनाव लड़ाती है।
-हरीश शर्मा, पूर्व पार्षद भाजपा

वार्ड 5 से तैयारी: राजेश

राजनीतिक दबाव के कारण ऐन वक्त पर हमारे वार्ड 2 को अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित किया गया। अब मैं वार्ड 5 से चुनाव लडूंगा।
राजेश मेहता, कांग्रेस की पूर्व पार्षद दर्शना मेहता के बेटे।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
सिटी में महिला वार्डों के आरक्षण के ड्राॅ निकलवाते डीसी।


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3m21wQz

ADD











Pages