पुलिस ने ट्रांसफार्मर चोर गिरोह को पकड़ा है। राजस्थान के अलवर जिले के इस पांच सदस्यीय गिरोह ने 40 वारदात में 70 के करीब ट्रांसफार्मर चोरी की वारदात कबूली हैं। साथ ही पुलिस ने चोरी किए ट्रांसफार्मर का सामान खरीदने के वाले यूपी निवासी छठे आरोपी को भी दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान लपाला अलवर राजस्थान निवासी जाहुल, आस मोहम्मद, महराजपुर अलवर राजस्थान निवासी मुबारिक खान, निचला गोढड़ा अलवर निवासी फारुख खान व ईद जागीर बरेली यूपी निवासी अजमील के तौर पर हुई है।
गिरोह का सरगना जाहुल ने कबूला कि वह तीन-चार साल से ट्रांसफार्मर चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे हैं। दिन के समय ब्रेजा कार में ट्रांसफार्मर की रैकी कर लेते थे, ट्रांसफार्मर का रंग देखकर पहचान कर लेते थे कि इसमें तांबे की क्वाइल हैं या एल्युमिनियम। कुरुक्षेत्र में जनवरी 2020 से वारदात करते आ रहे हैं। वारदात के दौरान किसी ट्रांसफार्मर में वैल्डिंग मिलती थी तो उसको आरी से काटकर ट्रांसफार्मर को नीचे गिराकर चोरी करके कार से फरार हो जाते थे। कार आरोपी फारुख खान की है, उसे कार प्रयोग करने के अलग से पैसे देते थे।
एसपी राजेश दुग्गल ने बताया जिले में बढ़ती ट्रांसफार्मर चोरी की वारदात को देखते हुए सीआईए वन व सीआई टू की टीमों को चोरों को पकड़ने की जिम्मेदारी सौंपी थी। 15 सितंबर 2020 को बिजली निगम के एसडीओ झांसा ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। 13 सितंबर की रात चोरों ने गांव धुराला निवासी किसान नसीब सिंह, बाबू राम व धुराली के चानन सिंह और प्रीत पाल के खेतों में लगे ट्रांसफार्मरों से कीमती सामान चोरी हो गया। शिकायत पर झांसा थाने में ट्रांसफार्मर चोरी का केस दर्ज किया था।
जांच सीआईए वन प्रभारी प्रतीक कुमार को सौंपी थी। पुलिस टीम ने गुप्त सूचना पर राजस्थान नम्बर की ब्रेजा कार को ईशरगढ़ मोड़ के नजदीक नाकेबंदी कर रोका। कार सवार चारों की पहचान लपाला अलवर राजस्थान निवासी जाहुल, आस मोहम्मद, महराजपुरा अलवर निवासी मुबारिक खान, गांव निचला गोढड़ा अलवर निवासी फारुख खान के तौर पर हुई।
कार की तलाशी लेने पर कार की डिग्गी से एक प्लास्टिक के कट्टा में एक प्लास, दो पाने, पांच चाबी, एक हथौड़ी, एक छैनी व नौ लोहा आरी के ब्लेड मिले। पूछताछ में आरोपियों ने गांव धुराला के आस-पास से एक ही रात में पांच ट्रांसफार्मर से तार व लोहे की पत्ती चोरी करने की वारदात कबूली। आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लिया। पुलिस ने चोरी का सामान खरीदने के आरोपी अजमील को भी गिरफ्तार किया है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/37qojRU