
जहरीली शराब से मौत होने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की दो एफआईआर पर जांच करते हुए आरोपी रौनक व आरोपी पवन को गिरफ्तार किया है। दोनों से पूछताछ जारी है। इसके साथ दो शराब सप्लायरों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस इस मामले की तह तक जाने का प्रयास कर रही है, ताकि किसी और की मौत न हो।
पहला केस: राजन निवासी इंडियन कालोनी ने पुलिस को शिकायत देकर बताया था कि उसके भाई राजू की जहरीली शराब पीने से मौत हो गई। पुलिस ने इस संदर्भ में 6 नवंबर को गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया था। मृतक राजू की पत्नी गर्भवती है और उसकी एक दो साल की बेटी है। पुलिस ने मामले में जांच करते हुए आरोपी पवन निवासी पांची को गिरफ्तार किया। आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है कि उसके साथ और कौन-कौन लाेग संलिप्त थे।
दूसरा केस: राजो निवासी हनुमान नगर ने पुलिस को बताया था कि उसके पति महेंद्र की जहरीली शराब पीने से तबीयत बिगड़ी। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया। कई दिन अस्पताल में इलाज चला, लेकिन हालत नहीं सुधर सकी। पति की मौत हो गई। पुलिस ने राजो की शिकायत पर आरोपी रौनक पर 11 नवंबर को गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया था। अब पुलिस ने इस मामले में आरोपी रौनक को गिरफ्तार कर लिया है।
लीला जसराना अभी नहीं हुआ गिरफ्तार
आरोपी लीला जसराना को पुलिस अभी गिरफ्तार नहीं कर पाई है। लीला पर अवैध रूप से शराब सप्लाई व गैर इरादतन हत्या का आरोप है। पुलिस ने बताया आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपी अमित निवासी गढी ब्राहमणान व अशोक निवासी राठधाना को अवैध रूप से शराब सप्लाई करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इससे पहले सचिन निवासी गढी ब्राहमणान, रणबीर बाघडू, पवन उर्फ गोलू निवासी पांची जाटान, सतपाल निवासी बैयापुर, अमित व साहिल निवासी मयूर विहार को गिरफ्तार किया गया था।
हर पहलू की जांच होगी
"मामले की गहनता से जांच की जा रही है। अवैध रूप से शराब सप्लाई करने वाले दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अवैध रूप से शराब सप्लाई करने की चेन में और कौन-कौन संलिप्त है, इसका भी पता लगाया जा रहा है।"
-जश्नदीप रंधावा, एसपी सोनीपत
आरोपियों से पूछताछ
"मृतक राजू की मौत मामले में आरोपी पवन व मृतक महेंद्र के मामले में आरोपी रौनक को गिरफ्तार किया है। इन दोनों से पूछताछ की जा रही है। अवैध रूप से शराब सप्लाई करने में कोई और तो संलिप्त नहीं इसका पता लगाया जा रहा है।"
-संदीप, सिटी थाना प्रभारी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3kBjs3g