हिमाचल प्रदेश के ऊना स्थित मां चिंतपूर्णी देवी के लिए पानीपत डिपो से रोडवेज बस सेवा मंगलवार से शुरू की जा रही है। प्रतिदिन सुबह 7 बजे एक बस रवाना की जाएगी। इसके साथ ही दीपावली पर्व को लेकर पानीपत डिपो प्रबंधन ने उत्तराखंड के हरिद्वार, कोटद्वार, यूपी के शामली, मेरठ और बिजनौर के लिए फेरे बढ़ा दिए हैं। राजस्थान के जयपुर और अजमेर के लिए बसों के एक-एक फेरे बढ़ा दिए हैं।
दिल्ली के लिए भी पानीपत डिपो से 20 और अन्य जिलों से आने वाली रोडवेज बसों का स्टॉपेज शुरू कर दिया है। ताकि दीपावली पर्व पर यात्रियों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। पानीपत डिपाे में करीब 130 राेडवेज बसें हैं। लाॅकडाउन के बाद अब धीरे-धीरे रोडवेज सेवा पटरी पर आती जा रही है। अब करीब 80 रोडवेज बसों का संचालन किया जा रहा है।
पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के बाद उत्तराखंड, हिमाचल और पंजाब सरकार ने भी राज्यों में रोडवेज बसों के संचालन की अनुमति दे दी थी। 6 दिन पहले दिल्ली सरकार ने भी पानीपत डिपो की बसों को ईएसबीटी तक ले जाने की अनुमति दे दी है। वहीं लुधियाना के लिए भी पानीपत डिपो की एक बस का संचालन शुरू किया जाएगा। इस क्रम में मंगलवार से हिमाचल प्रदेश के ऊना स्थित माता चिंतपूर्णी के लिए बस सेवा शुरू की जा रही है। यह सेवा लॉकडाउन से ही बंद थी।
दिल्ली के लिए अब 20 मिनट बाद मिलेगी बस
पानीपत डिपो के जीएम बालकराम ने बताया कि पानीपत डिपो से फिलहाल दिल्ली के लिए 20 बसों को भेजा जा रहा था। अब बसों के फेरे बढ़ाकर 40 तक कर दिए हैं। पानीपत डिपो के साथ-साथ रेवाड़ी, जींद, रोहतक से दिल्ली की ओर जाने वाली बसें भी पानीपत होकर रवाना किया जाना शुरू कर दिया है। इस कारण अब दिल्ली के लिए हर 20 मिनट बाद बस मिल सकेगी।
डिपो में 3 काउंटर बढ़ाए
जीएम ने बताया कि यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। ऐसे में कोविड-19 वायरस को लेकर जारी की गई गाइड लाइन को भी पालन करवाना जरूरी है। फिर से कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ने लगा है। अभी तक 6 काउंटर थे। उन पर भीड़ अधिक हो रही थी। इसलिए डिपाे के गेट के पास 3 काउंटर और बढ़ा दिए हैं। यात्रियों को मास्क लगाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
यह है टाइमिंग
लुधियाना- सुबह 5:30 बजे
हरिद्वार- सुबह 5:40, 7:30, 9:40, 10:20, दोपहर 2 और शाम 4 बजे
कोटद्वार- सुबह 6:30 बजे
देहरादून- सुबह 6:30 और 8:30 बजे
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/36kha3B