मोखरा गांव के एक घर में जन्मदिन की खुशी गम में बदल गई। महम चौबीसी सर्वखाप पंचायत मोखरा तपा के प्रधान रामकिशन मलिक के भतीजे 17 वर्षीय सचिन की शनिवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। पुलिस ने बाइक चालक दीपक की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मोखरा तपा प्रधान ने बताया कि उनके भतीजे 17 वर्षीय सचिन का शनिवार को जन्मदिन था। वह ग्रामीण दीपक के साथ बाइक पर सवार हो मदीना से केक लेने चला गया।
हाईवे पर पीछे आए कैंटर ने मारी टक्कर
बाइक दीपक चला रहा था जबकि सचिन पीछे बैठा था। ये दोनों मदीना गांव से केक लेकर रात आठ बजे के लगभग जैसे ही रोहतक हाईवे पर चढ़े उसी दौरान हिसार की ओर से आ रही एक कैंटर ने बाइक को टक्कर दे मारी। जिससे वे रोड पर गिर गए। बाइक चला रहे दीपक ने बताया कि सचिन गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए रोहतक निजी अस्पताल में ले जाया गया।
जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दीपक की शिकायत पर अज्ञात कैटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं हादसे में दीपक को भी चोट लगी है। पुलिस ने मदीना टोल के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कैंटर को ढूंढने के प्रयास किए है। हादसे के समय की सीसीटीवी फुटेज जांची जा रही है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3kUfbrW