लोहारू-पिलानी मुख्य सड़क मार्ग पर रेलवे फाटक के नजदीक सड़क मार्ग की खस्ता हालत के चलते वाहन चालकों व लोगों का आवागमन के समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आलम यह है कि रेलवे फाटक के नजदीक सड़क मार्ग के बीचोंबीच गहरे गड्ढे बन गए है तथा सर्दी में आगामी कोहरे व धुंध के मौसम में सड़क मार्ग की खस्ताहालत के चलते वाहनचालकों को हादसे का भय सता रहा है।
प्रमोद कुमार, सुरेन्द्र, सेठी, रिंकू, संजय, सुनील, राजेश आदि ने बताया कि मुख्य सड़क मार्ग की खस्ताहालत के चलते उन्हें हादसा घटित होने का भय रहता है तथा दुपहिया वाहन चालक तो यहां सड़क के बीचोंबीच बने गड्ढों में गिरकर घायल हो चुके है। इस बारे में अनेक बार प्रशासन व रेलवे विभाग को भी अवगत करवाया गया परंतु सड़क मार्ग की हालत में सुधार के लिए कोई प्रयास नहीं किए जा रहे।
उन्होंने बताया कि लोहारू-पिलानी मुख्य सड़क मार्ग होने के कारण प्रतिदिन यहां से हजारों वाहनों का आवागमन रहता है तथा नगर की गौशाला, आईटीआई, ऊन श्रेणीकरण केंद्र का मुख्य रास्ता होने के कारण यहां से लोगों व विद्यार्थियों का भी आवागमन रहता है। इस मार्ग की खस्ता हालत में सुधार के लिए अनेक बार गुहार लगाने के बाद भी प्रशासन द्वारा कोई कार्रवाई नही की जा रही। लोगों की माने तो नगर की चुंगी नंबर सात से देवीलाल चौक होते हुए आईटीआई तक सड़क मार्ग की हालत इतनी खस्ता हो चुकी है।
यहां आए दिन दुपहिया वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। गत वर्ष भी प्रशासन द्वारा सुध न लिए जाने पर क्षेत्र की सामाजिक संस्था प्रयास एक कोशिश के सदस्यों द्वारा कारसेवा अभियान के तहत इस मुख्य मार्ग के गड्ढों को भरवाया गया था परंतु इसके बाद भी प्रशासन के कानों तक जूं नहीं रेंगी। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन व सरकार के साथ-साथ रेलवे विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द लोहारू-पिलानी मुख्य सड़क मार्ग की हालत में सुधार किया जाए तथा देवीलाल चौक से आईटीआई तक सड़क का पुर्ननिर्माण करवाया जाए ताकि कोहरे के मौसम में हादसों का भय न रहे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3fczOhI