पानीपत( मनोज कुमार ). देरी से चुनावी मोर्चे पर उतरी कांग्रेसी चुनावी समिति की पहली मीटिंग में 2014 में जीतने वाले सभी विधायकों की टिकट पर सहमति बन गई है। यह इसलिए भी कि भाजपा की लहर और दलबदल के माहौल में ये कांग्रेस के साथ खड़े रहे। इनमें 12 विधायक हुड्डा के खास हैं। मीटिंग में हरियाणा में सोशल इंजीनियरिंग का फॉर्मूला अपनाया जाएगा। कांग्रेस के टिकट वितरण में इस बार एससी-बीसी के उम्मीदवार पहले की अपेक्षा ज्यादा दिख सकते हैं। क्योंकि हरियाणा में हमेशा साथ रहा एससी-बीसी वर्ग के बिखरने पर उसे जोड़ने के लिए मीटिंग में गंभीरता से चर्चा की गई है। वहीं जो प्रत्याशी पिछले दो-तीन चुनाव हार चुके हैं या पिछला चुनाव में तीसरे से पांचवें नंबर तक रहे, उन्हें अब टिकट मिलना मुश्किल है, क्योंकि चुनाव समिति ने नए चेहरों को भी मौका दिए जाने की वकालत की है। इसके अलावा महिलाओं को ज्यादा टिकट देने पर भी रणनीति बनाई गई। मीटिंग में प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पार्टी के मीडिया प्रभारी रणदीप सुरजेवाला के अलावा कुलदीप बिश्नोई, कैप्टन अजय यादव, किरण चौधरी समेत अन्य नेता मौजूद रहे। पर तंवर नहीं आए।
सदस्यों से मांगे गए जीतने वाले उम्मीदवारों के नाम
बैठक में सभी समिति सदस्यों से जीतने वाले उम्मीदवारों के नाम दिए जाने के लिए कहा गया। ताकि उनकी ओर से सुझाए गए नामों पर भी अब तक आए करीब 1200 आवेदनों के साथ विचार किया जा सके। कुछ सदस्यों ने तो शाम को ही अपने इलाकों के दावेदारों के नाम समिति चेयरपर्सन कुमारी सैलजा को सौंप दिए। बाकि भी जल्द ही लिस्ट थमाएंगे।
कांग्रेस 30 सितंबर को जारी करेगी पहली लिस्ट
कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी की मीटिंग 28 और 29 सितंबर को होगी। इसमें प्रत्याशियों का पूरा पैनल फाइनल कर दिया जाएगा। इसके बाद 30 सितंबर को हाई कमान के पास जाएगा, जहां चर्चा के बाद इस लिस्ट पर मुहर लगेगी। बताया गया है कि पहली लिस्ट भी 30 सितंबर को ही जारी की जा सकती है। क्योंकि इससे एक दिन पहले ही भाजपा 29 सितंबर को अपनी फाइनल लिस्ट घोषित कर देगी। ऐसे में कांग्रेस उम्मीदवारों को लेकर गुणा-भाग भी लगा सकेगी।
आज प्रचार की लांचिंग, जारी होंगे नारे और स्लोगन
कांग्रेस की ओर से शुक्रवार को अपने प्रचार की लांचिंग कर दी जाएगी। प्रचार में कौनसे स्लोगन और नारे होंगे। किस प्रकार के बोर्ड, होर्डिंग आदि लगाए जाएंगे। इसका खुलासा शुक्रवार काे गुड़गांव में प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा करेंगे। हुड्डा ने बताया कि चुनाव समिति की मीटिंग में भी सदस्यों ने अनेक सुझाव दिए हैं। जो हाई कमान के सामने रख दिए जाएंगे। सभी विधायकों के टिकट के आए सुझाव का किसी ने विरोध नहीं किया है।
सैलजा को सौंपी स्पेशल नामों की सूची
सूत्रों के मुताबिक कुछ नेताओं ने चहेतों को टिकट दिलवाने के लिए चुनाव समिति की चेयरपर्सन कुमारी सैलजा को सूची सौंपी है। इनमें कैप्टन अजय यादव, कुलदीप बिश्नोई ने चार लोगों के नाम दिए हैं तो पूर्व हुड्डा ने भी लिस्ट दी है। वहीं तय हुआ कि एक परिवार से एक ही व्यक्ति को टिकट देंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2m8ArC0