फिल्म सत्यम, शिवम, सुंदरम और छपाक.... - OTA BREAKING NEWS

Breaking

Post Top Ad

Responsive Ads Here

Wednesday, 8 January 2020

फिल्म सत्यम, शिवम, सुंदरम और छपाक....

दीपिका पादुकोण दो कारणों से सुर्खियों में है। उसने दिल्ली में हड़ताली छात्रों से मुलाकात की। स्वरा भास्कर और तापसी पन्नू भी छात्रों से जाकर मिलीं। दूसरा कारण यह है कि एक पागल-हताश व्यक्ति ने प्रेम में असफल होने पर प्रेमिका के चेहरे पर तेजाब डाल दिया था। गुलजार और राखी की पुत्री मेघना ने तेजाब से बचकर जीवित बनी रहने वाली कन्या पर ‘छपाक’ नामक फिल्म बनाई है। याद आता है कि राज कपूर की फिल्म ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ में भी आधा चेहरा जली कन्या की व्यथा-कथा प्रस्तुुत की गई थी। राज कपूर ने सूरत और सीरत पर फिल्म बनाई थी और उनकी नायिका के चेहरे पर उबलता हुआ तेल गिर गया था। सुरेश मोदी पहले मेकअप मैन थे, जिन्होंने अमेरिका जाकर मेकअप विधा का अध्ययन किया था। जीनत अमान का मेकअप सुरेश मोदी ने ही किया था। अधजले चेहरे वाली स्त्री मधुर गीत गाती थी। एक दौर में राज कपूर लता मंगेशकर के साथ यह फिल्म बनाना चाहते थे, परंतुु लता मंगेशकर ने अभिनय से इनकार कर दिया था। वो फिल्म एक खूबसूरत अभिनेता और तथाकथित मानदंडों पर बदसूरत मानी जाने वाली स्त्री की प्रेमकथा थी।

बहरहाल, जब राज कपूर ने ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ का निर्माण प्रारंभ किया तब हिंसक फिल्मों का दौर चल रहा था। अत: हिंसा के दौर में मादकता दिखाने वाली फिल्म एक तरह से हिंसा का प्रतिरोध करती है। इसी फिल्म में लता मंगेशकर ने मधुरतम गीत गाए। उन दिनों खाड़ी देश में लता का एक कार्यक्रम हुआ और आयोजकों ने लता से प्रार्थना की कि वे कार्यक्रम ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ फिल्म के टाइटल गीत से शुरू न करें, क्योंकि इस्लाम मानने वाले श्रोता इसे पसंद नहीं करेंगे। लता ने कार्यक्रम में किसी तरह के परिवर्तन से इनकार कर दिया। आयोजकों को आश्चर्य हुआ जब श्रोताओं ने इस गीत को दोबारा सुनने की फरमाइश की। माधुर्य धर्मनिरपेक्ष होता है। लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल ने गजब माधुर्य रचा था।

छपाक में सामाजिक सोद्देश्यता है। नूतन के पति बहल ने ‘सूरत और सीरत’ फिल्म बनाई थी। सचिन देव बर्मन ने पारंपरिक मानदंड पर एक कुरूप व्यक्ति की कथा प्रस्तुत करने वाली फिल्म ‘मेरी सूरत तेरी आंखें’ के लिए शैलेंद्र लिखित गीत बनाया था- ‘पूछो न कैसे मैंने रैन बिताई, इक पल जैसे एक जुग बीता, जुग बीते मोहे नींद न आई...।’ मन्ना डे का गाया यह गीत आज भी श्रोताओं की आंख में नमी पैदा कर देता है। स्वयं सचिन देव बर्मन ने स्वीकार किया था कि उनकी यह धुन बंगाल के काजी नजरुल इस्लाम की एक रचना से प्रेरित है। समान सांस्कृतिक पृष्ठभूमि के कारण यह संभव है कि सुदूर भविष्य में बंगाल के दोनों धड़े मिल जाएं। जैसे बर्लिन की दीवार ढह गई है। दीवारों के ढहने के कालखंड में डोनाल्ड ट्रम्प अमेरिका-मेक्सिको के बीच दीवार बनाने पर आमादा हैं। दु:खद यह है कि संकीर्णता व दीवारों को बनाने वाले अवाम में लोकप्रिय भी हैं। सत्य घटनाओं से प्रेरित फिल्मों में रानी मुखर्जी व विद्या बालन अभिनीत ‘नो वन किल्ड जैसिका’ भी सार्थक फिल्म थी।

हैवानियत के द्वारा तेजाब से अधजले चेहरे वाली साहसी महिलाएं अपने चेहरे को ढंकती नहीं। वे इसे वीरचक्र की तरह धारण करती हैं। तेजाब फेंकने वाले नपुंसक होते हैं। बहरहाल सौंदर्य चिकित्सा विधा हर तरह के दाग और एसिड प्रभाव से मुक्ति दिलाने का प्रयास कर रही है। इस क्षेत्र में नित नए प्रयोग हो रहे हैं। हैवानियत की शिकार महिलाएं त्वचा प्रत्यारोपण नहीं चाहतीं। वे केवल जख्म भर देना चाहती हैं, ताकि इन्फेक्शन न हो। वे कुरूपता का शृंगार नहीं करतीं, परंतु उन्हें इसे ढंकना भी पसंद नहीं। इस तरह की महिलाएं हैवानियत के खिलाफ चलता-फिरता पोस्टर बने रहना चाहती हैं। इससे हटकर विषय पर बनी ‘लिपस्टिक अंडर माय बुर्का’ भी कमाल का प्रभाव पैदा करती है। नायिका स्वयं के लिए सजना-संवरना चाहती है। यह व्यक्तिगत स्वतंत्रता का विषय है। बाजार में तेजाब की बिक्री एक संयोजित व्यवसाय है। दुकानदार को लेखा-जोखा रखना होता है। दुकानदार के पास खरीदार की नीयत जान लेने का कोई तरीका नहीं है।



जयप्रकाश चौकसे

फिल्म समीक्षक



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Bahal News - haryana news film satyam shivam sundaram and chhapak


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2N8iopH

ADD











Pages