दिल्ली पब्लिक स्कूल में रविवार काे प्राचार्या डॉ.अनीता शर्मा की अध्यक्षता में वार्षिक खेलोत्सव एवं स्कॉलर बैज सेरेमनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि एंव पशुपालन मंत्री जेपी दलाल ने बतौर मुख्यअतिथि शिरकत की। इस अवसर पर प्रबंधकारिणी समिति के प्रो. वाइस चेयरमैन मयूर गुप्ता, कोषाध्यक्ष वीपी त्रिपाठी विशेष रूप से आमंत्रित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां शारदा के चरणों में दीप-प्रज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात मुख्य अतिथि जेपी दलाल द्वारा मशाल प्रज्वलित की गई।
एनसीसी कैडेट्स व विद्यालय के सभी सदनों- यमुना, गंगा, सतलुज व झेलम सदन के कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों ने मार्च पास्ट कर ध्वज को सलामी दी। कक्षा नर्सरी व प्रेप के नन्हें-मुन्ने छात्रों ने पोम-पोम-ड्रिल का प्रदर्शन किया। कक्षा पहली व दूसरी के सभी विद्यार्थियों ने फ्लावर-ड्रिल का प्रदर्शन करते हुए कई तरह की आकृतियां बनाई। कक्षा पांचवीं व छठी के 30 छात्र-छात्राओं ने कराटे-ड्रिल के माध्यम से आत्मरक्षा के विभिन्न कौशलों का प्रदर्शन किया। कक्षा तीसरी व चौथी के विद्यार्थियों ने अनेकता में एकता के भाव को प्रदर्शित करते हुए अनेक संरचनाएं बनाई। कक्षा पांचवीं व छठी के विद्यार्थियों ने आकर्षक हूपला-ड्रिल प्रस्तुत किया। कक्षा सातवीं व आठवीं के विद्यार्थियों ने साड़ी-ड्रिल व मास पीटी का मनभावन प्रदर्शन किया। कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों ने जिमनास्टिक के विभिन्न करतबों को प्रस्तुत किया। कक्षा 9वीं की छात्रा प्रतीची व मन्नत ने मंच संचालन किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों द्वारा स्कॉलर बैज हासिल करने वाले होनहार विद्यार्थियों को मेडल व प्रमाण पत्र देकर उनका हौसला बढ़ाया गया। मुख्य अतिथि कृषि एवं पशुपालन मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि खेल हमें न केवल शारीरिक रूप से पुष्ट बनाते हैं अपितु वे हमें मानसिक रूप से भी स्वस्थ बनाते हैं। क्योंकि कहा भी गया है कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क निवास करता है। प्रबंधकारिणी समिति के प्रो. वाइस चेयरमैन मयूर गुप्ता ने बताया कि डीपीएस भिवानी वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बनाने जा रहा है। विद्यालय आगामी सत्र में दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल संस्था के साथ जुड़कर कई नवीन योजनाओं व तकनीकियों को आपके सामने पेश करेगा। प्राचार्या डॉ. अनीता शर्मा ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान से हुआ। विद्यालय में लगभग 300 से अधिक छात्र-छात्राओं को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए सम्मानित किया गया। 12वीं कक्षा में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने छात्राओं नित्या, अंकिता व याशिका को विद्यालय की तरफ से पांच पांच हजार रुपये नगद, प्रमाण पत्र व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। 10वीं कक्षा के 15 होनहार विद्यार्थियों को भी ट्रॉफी व प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। बोर्ड परीक्षाओं में श्रेष्ठ परिणाम देने वाले अध्यापकों अनिल अरोड़ा, हरीश हंस, विकास शर्मा व सुनीता वर्मा को भी सम्मानित किया गया। खेलकूद के क्षेत्र में विद्यालय का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी प्रमाण व ट्रॉफी प्रदान की गई। जिसमें अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर 100 मीटर दौड़ में गोल्ड मेडल प्राप्त करने वाली आस्था टोकस, राष्ट्रीय स्तर पर फुटबॉल टीम में चयनित सचिन सांगवान, हरियाणा की अंडर-16 क्रिकेट टीम में चयनित गर्व सांगवान को एंव विभिन्न राज्यस्तरीय प्रतियोगिताओं में चयनित खिलाड़ियों भारती, दिव्या, सिद्धार्थ, जीवितेश, दृशिका, हर्षिता व अनुभूति को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2UWQmm0