{जल्द जांच करने के बाद टीम मुख्यमंत्री को सौंपेगी रिपोर्ट
ग्राम पंचायत बहल की ओर से विकास कार्यों के तहत बनाई गई नाली व गलियों में घटिया सामग्री प्रयुक्त करने तथा पंचायती राज संस्थाओं के नियमों के विरूद्ध विकास कार्य करवाने के आरोप में स्टेट विजिलेंस व जिला विजिलेंस ने गुरुवार को जांच शुरू कर दी है।
जांच के शुरूआती चरण में 14 में से केवल दो सड़कों की जांच करके सामग्री के नमूने लिए गए हैं। कस्बे के धर्मबीर पूनिया ने वर्ष 2018 में मुख्यमंत्री व पंचायत मंत्री को व्यक्तिगत शिकायत देकर विकास कार्यों में अनियमितताएं बरते जाने व घटिया सामग्री का उपयोग करने की शिकायत दी गई थी। इसी संदर्भ में गुरुवार स्टेट विजिलेंस के एसडीओ विजेंद्र सिंह व जिला विजिलेंस निरीक्षक यशवीर सिंह ने धर्मबीर सिंह पूनिया की शिकायत के आधार पर अलख कुटिया से लेकर तहसील कार्यालय व ढाणी मेचू में बनाई गई सड़कों की सामग्री के नमूने लिए व गलियों की पैमाइश की है। शिकायत के तहत कस्बे में ग्राम पंचायत द्वारा बनाई 14 गलियों की जांच की जानी है। जांच टीम अगली जांच जल्द ही करेगी व जांच की रिपोर्ट मुख्यमंत्री व पंचायत मंत्री को सौंपी जाएगी। इस दाैरान शिकायतकर्ता धर्मबीर सिंह पूनिया, सरपंच गजानंद अग्रवाल, ग्राम सचिव रामप्रसाद, जेई राजकुमार व प्रदीप कुमार तथा कस्बे के सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
- इस संबंध में विजिलेंस अधिकारियों से बात करने का प्रयास किया तो उन्होंने बात करने से इंकार कर दिया।
- विजिलेंस की चल रही जांच पर शिकायतकर्ता धर्मबीर पूनिया ने बताया कि गुरुवार काे कई जगह से सामग्री के नमूने टीम ने लिए है। जिसमें इंटरलाकिंग ईंटें व प्रयुक्त रोड़े तथा सड़कों की पैमाइश की है। अलख बाबा की कुटिया रोड पर नमूने के लिए सैंपल में 60 एमएम तथा 80 एमएम के इंटरलॉकिंग ब्लाक तथा सड़क के बनाए फुटपाथ के नीचे की गई खुदाई में कई जगह रोड़े नहीं मिले।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/31EZg96