बीमारी आने पर 200 मिली प्रोपिकॉनाजोल 25% ईसी दवाई का 200 लीटर पानी के साथ छिड़काव करें
कृषि विभाग की टीम ने गेहूं में पीला रतुआ बीमारी की निगरानी के लिए खंड के कई गांवों के खेतों का दौरा किया। गांव मेहूवाला के खेत में एक पैच में बीमारी के लक्षण मिले, जिसको रोकने के लिए दवाई के छिड़काव की हिदायत दी गई। खंड कृषि अधिकारी डॉ. सतीश ज्याणी ने किसानों से कहा कि ऐसी बीमारी आने पर घबराए नहीं बल्कि इसकी सही पहचान करें। इसमें पौधे के पत्तों पर पीले रंग की धारियों पर हाथ लगाने से हल्दिनुमा पीला रंग हाथों पर लाग जाएगा। उन्होंने कहा कि अच्छी व भरपूर फसल पैदावार लेने के लिए किसानों को जागरूक होकर खेती करनी चाहिए। कृषि विकास अधिकारी डॉ. कृष्ण उत्तम व डॉ. सलिंद्र सहारण ने किसानों को आगाह करते हुए कहा कि अपने खेतों की निगरानी रखें। बीमारी आने पर 200 मिली प्रोपिकॉनाजोल 25% ईसी दवाई का 200 लीटर पानी के साथ छिड़काव करें। किसानों को नियमित रूप से अपनी फसल का निरीक्षण करते रहना चाहिए। जब भी किसी बीमारी की आशंका नजर आए तब कृषि विभाग से जानकारी लेकर ही दवाईयों का प्रयोग करें। डॉ. राजकुमार व डॉ. रिशु सिंह ने भी किसानों को फसल देखभाल करने के तौर तरीकों के बारे में बताया।
राष्ट्रीय व्योश्री योजना में लगभग 70 दिव्यांगजनों ने रजिस्ट्रेशन करवाया
भास्कर न्यूज | फतेहाबाद
जिला रैडक्रॉस सोसायटी फतेहाबाद के सहयोग से पटवार भवन में परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला रैडक्रॉस सोसायटी के चेयरमैन व डीसी रवि प्रकाश गुप्ता ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
डीसी ने बताया कि भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को) एक लाभनिरपेक्ष निगम है जो सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अधीन भारत सरकार के तत्वाधान में काम कर रही है। शारीरिक रुप से विकलांग लोगों के लाभ के लिए पुनर्वास साधन और कृत्रिम अंग घटकों के निर्माण और आपूर्ति के लिए यह सन् 1972 में स्थापित हुआ था और सन् 1976 में उत्पादन शुरु किया गया था। कार्यक्रम में जिला रैडक्रॉस सचिव नरेश कुमार झांझड़ा ने बताया कि एडिप योजना के तहत अब तक लगभग 75 दिव्यांगजनों का रजिस्ट्रेशन हुआ है।
इस योजना के तहत तिपहिया साईकिल, व्हील चेयर, स्मार्ट फोन, टेलिपर श्यूज, सुनने की मशीन आदि कृत्रिम अंग शामिल है। इसके अलावा राष्ट्रीय व्योश्री योजना में लगभग 70 दिव्यांगजनों ने अपना रजिस्ट्रेशन करवाया है। इस योजना के तहत दिव्यांगजनों को छडी, चश्मा, दांत, सुनने की मशीन, व्हील चेयर आदि कृत्रिम अंगों को शामिल किया जाता है। उन्होंने बताया इस परीक्षण शिविर का आयोजन 26 फरवरी को सामान्य अस्पताल रतिया तथा 27 फरवरी को नागरिक अस्पताल टोहाना में प्रात: 10 बजे से 3 बजे तक किया जाएगा। इस अवसर पर सीएमओ डॉ मनीष बंसल, रेडक्रॉस सचिव नरेश कुमार, सहायक सचिव रामजी लाल, जिला प्रशिक्षण अधिकारी दलबीर सिंह, इंचार्ज एलिम्को मोहाली डॉ. सोनू, डॉ. मनीष, डॉ. दयानंद, डॉ. गौरव उपस्थित रहे।
नार्थ जॉन टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता में यूपी को हराकर हरियाणा बना चैंपियन
भास्कर न्यूज | फतेहाबाद
नेशनल स्पोर्ट्स काऊंसिल ऑफ डीफ फेडरेशन द्वारा आयोजित नार्थ जोन इंटर स्टेट टी-20 डीफ क्रिकेट चैंपियनशिप में हरियाणा की टीम विजेता रही है।
यह प्रतियोगिता 21 से 23 फरवरी तक पंजाब के पटियाला की थापड़ यूनिर्सिटी में आयोजित की गई थी। फाइनल मुकाबला हरियाणा व उत्तरप्रदेश के बीच हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए यूपी की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 131 रन बनाए थे। लक्ष्य का पीछा करते हुए हरियाणा की टीम ने 9 विकेट खोकर 133 रन बनाकर मुकाबला जीत लिए।
इससे पहले सेमीफाइनल मुकाबले में हरियाणा की टीम का मुकाबला दिल्ली से हुआ था। सैमीफाइन मुकाबले में हरियाणा ने दिल्ली को 9 रनों से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई थी। चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने पर हरियाणा टीम के कप्तान अजीत को प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट चुना गया।
पंचायत भवन में 34 प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए
भास्कर न्यूज | फतेहाबाद
पंचायत भवन में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान द्वारा चलाया गया। 13 दिवसीय जूट उत्पाद प्रशिक्षण कैंप एक समारोह के साथ संपन्न हुआ। समारोह में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया मुख्य ब्रांच के चीफ मैनेजर राधेश्याम महला ने बतौर मुख्यातिथि पहुचें, जबकि अध्यक्षता केंद्र निदेशक रमेश कुमार भाटिया ने की। समारोह के दौरान कैंप में प्रशिक्षण लेने वाली 34 युवतियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए। इमैनेजर राधेश्याम महला ने अपने संबोधन में कहा कि आज के हालात में हर व्यक्ति को अपना जीवन स्तर सुधारने के लिए आत्मनिर्भर होना बेहद जरुरी है। उन्होंने कहा की इस मामले में विशेषकर महिला वर्ग को अपने अंदर छुपी प्रतिभा को पह्चानते हुए आत्मनिर्भर बनने के लिए लक्ष्य की तरफ कदम बढाने की बेहद सख्त जरूरत है, क्योंकि एक महिला दो परिवारों की जिंदगी सवारने का कार्य करती है। इस अवसर पर केंद्र निर्देशक रमेश कुमार भाटिया ने आए हुए अतिथि को संस्थानों की आगामी गतिविधियों बारे विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की और उनका आभार प्रकट किया।
कल शुरू होगा डेयरी फार्मिंग एवं वर्मी कम्पोस्टिंग कोर्स
एसबीआई के सौजन्य से स्थानीय पंचायत भवन में संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में 27 फरवरी (वीरवार) को डेयरी फार्मिंग एवं वर्मी कम्पोस्टिंग का 10 दिन का कोर्स शुरू हो रहा है।
रत्ताथेह गांव में दो दिवसीय ओपन कबड्डी कप 26 से
विजेता को 25 हज़ार एवं उपविजेता को 15 हज़ार पुरस्कार दिया जाएगा
भास्कर न्यूज | जमालपुर शेखां
गांव रत्ताथेह में आखिल भारतीय किसान सभा व ग्राम पंचायत एवं युवा संगठनों के सहयोग से दो दिवसीय ओपन कबड्डी कप 26 फरवरी से आयोजित किया जाएगा। ये निर्णय बीते दिन गांव में हुईं आखिल भारतीय किसान सभा व ग्राम पंचायत की बैठक में लिया गया। सभा के सदस्य जगतार सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के पथम दिवस 26 फरवरी को 50 किलोग्राम, 27 फरवरी को 72 किलोग्राम वर्ग भार में लड़कों की कबड्डी स्पर्धा होगी, जबकि प्रतियोगिता के विजेता टीम को 25 हज़ार एवं उपविजेता टीम को 15 हज़ार रुपए नकद पुरस्कार व ट्राफी से सम्मानित किया जायेगा, साथ ही बेस्ट रेडर व कैचर को भी सम्मानित किया जाएगा।
शहर की समस्याओं पर की चर्चा
फतेहाबाद| वरिष्ठ नागरिक परिषद की बैठक उपप्रधान वेद प्रकाश बत्तरा की अध्यक्षता में हुई। इसमें वरिष्ठ नागरिकों की समस्याओं पर चर्चा की गई वहीं शहर की विभिन्न समस्याओं को भी रखा गया। परिषद के प्रेस प्रवक्ता राजेंद्र ललित ने बताया कि बैठक में लालबत्ती चौक पर ट्रेफिक लाइट लंबे समय से खराब है, प्रशासन को इसे जल्द ही दुरुस्त कराना चाहिए। इसके अलावा डे केयर सेंटर खोलने, मेडिकल कॉलेज व ब्वायज कॉलेज खोलने की मांग भी रखी गई। बैठक में एनसी वधवा, , ऋषिराज शर्मा, एडवोकेट पीसी शर्मा, एडवोकेट संत कुमार टूटेजा ने अपने विचार रखे। इस दौरान फरवरी महीने में जिन वरिष्ठ नागरिकों का जन्मदिन था, वह भी मनाया गया।
टूटी सड़क पर जलभराव से राहगीर और वाहन चालक परेशान
भास्कर न्यूज | जमालपुर शेखां
रतिया- टोहाना स्टेट हाइवे पर स्थित गांव अकांवाली से इंदाछोई गांव की जाने वाला सड़क मार्ग जर्जरावस्था में है। वहीं सड़क पर पानी भरा रहता है। राहगीर व वाहन चालक इस समस्या से खासे परेशान हैं।
ग्रामवासी कुलदीप सिंह, राजदीप, बलजीत, नरेंद्र, विकास आदि ने कहा कि ये समस्या विगत कई वर्षों से बनी हुई है। वर्षा के दिनों ये समस्या विकराल रूप धारण कर लेती है। उन्होंने बताया कि समस्या के निवारण हेतु ग्रामीण ग्रामप्रधान व संबंधित विभाग के आलाअफसरों से मांग कर चुके हैं, लेकिन आजतक ग्रामीणों की ये समस्या जस की तस बनी है। ग्रामीणों का कहना है कि उक्त मार्ग पर काफी समय से दूषित पानी व कीचड़ रहता है।
गांव के सरपंच हरप्रीत चहल ने बताया कि सड़क के पुनर्निर्माण की मांग की गई है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से इस बारे में दोबारा मिला जाएगा।
पंजाब के पटियाला में 21 से 23 फरवरी तक आयोजित हुई थी प्रतियोगिता
कृषि विभाग की टीम गेहूं में पीला रतुआ बीमारी का निरीक्षण करते हुए।
पंचायत भवन में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा संचालित ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में छात्राओं को सम्मानित करते मैनेजर राधेश्याम महला।
जिला रैडक्रॉस सोसायटी द्वारा आयोजित परीक्षण शिविर में दिव्यांगजनों को दी जाने वाली सुविधाओं का जायजा लेते उपायुक्त रवि प्रकाश गुप्ता।
चैंपियनशिप जीतने के बाद ट्राफी के साथ खुशी बनाते हरियाणा डीफ टीम के खिलाड़ी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2HX7j88