सिविल अस्पताल के आपातकालीन विभाग में उपचार के लिए सड़क दुर्घटना में घायल छात्र के परिजनों के हंगामा व तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने ड्यूटी मेडिकल ऑफिसर की शिकायत पर विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में मेडिकल ऑफिसर डॉ. लिमांशु ने बताया कि गुरुवार दोपहर दो बजे सड़क दुर्घटना में घायल वैश्य मॉडल स्कूल के कुछ छात्र उपचार के लिए आपातकालीन विभाग में आए।
जिनमें एक छात्र हिमांशु गंभीर रूप से घायल था। मरीज के आते ही ओटी में उपचार शुरू कर दिया लेकिन कुछ समय बाद मरीज के परिवार के सदस्य अस्पताल में आए और ओटी में घूसकर हंगामा व तोड़फोड़ शुरू कर दी। स्टॉफ सदस्यों के साथ अभद्र व्यवहार किया। यहां तक की ओटी के गेट का शीशा भी तोड़ दिया। इसके कारण मरीज का उपचार करने में बहुत दिक्कत आई। ड्यूटी पर मौजूद स्टॉफ सदस्यों में भय का माहौल पैदा हो गया और सभी को जान का खतरा महसूस हुआ। घायल मरीज को प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक रेफर कर दिया गया था। एमओ ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने व स्टॉफ को सुरक्षा मुहैया करवाने की मांग की है।
इस दौरान वैश्य मॉडल स्कूल की शिक्षिका सुमित्रा के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया और इस संबंध में अध्यापिका ने पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 353,186 व 506 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उल्लेखनीय है कि गुरुवार को वैश्य मॉडल स्कूल के बाहरवीं कक्षा के पांच छात्र रिट्ज गाड़ी में सवार होकर डीपीएस स्थित परीक्षा केंद्र से परीक्षा देकर वापस भिवानी आ रहे थे। लोहारू रोड पर एक ट्रैक्टर एजेंसी के नजदीक रिट्ज व कैंटर के बीच टक्कर हो गई थी। जिसमें हिमांशु के अलावा छात्र मनीष, यशविंद्र, प्रीतम व दिपांशु घायल हो गए थे।
पांचों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जब घायल छात्रों को ओटी में उचार चल रहा था तो घायल छात्र हिमांशु के परिजनों ने ओटी में पहुंचकर तोड़फोड़ व हंगामा किया था।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2VDkOlc