लखनऊ. उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पांच फरवरी से शुरू हुए डिफेंस एक्सपो 2020 का आज अंतिम दिन है। रोमांच से भरपूर एशिया का सबसे बड़े डिफेंस एक्सपो में सेना के शौर्य और पराक्रम का दौर जारी है। यहां एयरफोर्स व सेना की ओर से लाइव डेमो की प्रस्तुतियां होंगी। जबकि गोमती रिवर फ्रंट पर दर्शक नौसेना के लाइव शो का आनंद ले सकते हैं। गोमती रिवर फ्रंट पर लोगों के लिए रक्षा सेनाओं के शौर्य की गाथा कहने वाले आयुध उपकरणों और युद्ध की झांकी पेश की जाएगी।
इसके अलावा वृंदावन में दर्शकों के लिए स्टेटिक डिस्प्ले भी लगाया गया है, जहां अत्याधुनिक सैन्य हथियार, मिसाइलें व उपकरणों को लगाया गया है। यहां उनकी जानकारियां लोग आसानी से ले सकेंगे। वहीं गोमती रिवर फ्रंट पर रविवार को नौसेना व इंडियन कोस्ट गार्ड प्रस्तुतियां देंगे, वहीं वृंदावन में होने वाले एयर शो में एयरफोर्स व आर्मी की प्रस्तुतियां होंगी। इसमें डेयरडेविल की प्रस्तुति खास होगी। इसके साथ ही कार्यक्रम का समापन हो जाएगा।
क्षेत्रीय परिवहन प्रबंधक पल्लव बोस ने बताया कि प्रदर्शनी स्थल तक 13 मार्गों पर आठ और नौ फरवरी को ही निःशुल्क बसें उपलब्ध होंगी। बसें सुबह आठ से शाम छह बजे मेले की समाप्ति तक मिलेंगी। इस बीच आयोजकों का दावा है कि शुक्रवार तक एक लाख से अधिक लोग सैन्य उपकरणों और आयुध हथियारों को देखने के लिए पहुंचे हैं।
शनिवार को भी डिफेंस एक्सपो में लगी भारी भीड़
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पहली बार आयोजित हो रहे डिफेंस एक्सपो के दरवाजे शनिवार को आम जनता के लिए खोल दिये गए। रक्षा क्षेत्र में देश के शौर्य के प्रतीक बने इस आयोजन में शामिल होने के लिए खासी भीड़ उमड़ पड़ी। स्कूल और कॉलेजों के छात्रों के बीच भी इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह नजर आया। लखनऊ में पहली बार आयोजित होने वाली यह एक्सपो प्रदर्शनी लगाने वालों की संख्या, आयोजन क्षेत्र और राजस्व प्राप्ति के हिसाब से भारत की सबसे बड़ी रक्षा प्रदर्शनी है। एक्सपो में 150 से अधिक विदेशी समेत 1000 से ज्यादा आयुध निर्माता कंपनियों ने अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/31C4Hpa
via IFTTT