13 जनवरी काे पार्षदों की ओर से दिए गए अविश्वास प्रस्ताव के बावजूद फ्लोर टेस्ट में पास नगर पालिका की चेयरपर्सन कविता नंदवानी ने पहली बार नपा सदन की मीटिंग 6 मार्च को बुलाई है। इसमें 12 मुद्दे रखे गए हैं, लेकिन विपक्ष से जुड़े पार्षद इस बार भी सफाई व्यवस्था व भ्रष्टाचार के मुद्दे पर चेयरपर्सन और पालिका अधिकारियों को घेरने की तैयारी कर चुके हैं। बता दें दिसंबर में 13 पार्षदों ने कविता नंदवानी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पत्र डीसी को सौंपा था। जब एक महीने से भी ज्यादा समय के बाद फ्लोर टेस्ट की बारी आई तब 13 में से 12 पार्षद सदन में पहुंच पाए। इस तरह विपक्षी पार्षदों और भाजपा के ही कुछ पार्षदों की ओर से विरोध होने के बावजूद चेयरपर्सन की कुर्सी बच गई। अब इस घटनाक्रम के बाद पहली बार सदन की मीटिंग की जा रही है। तब इसमें उन 12 पार्षदों की ओर से जबरदस्त हंगामा होने की उम्मीद है। इससे पहले भी यह पार्षद सदन की मीटिंग बुलाने की मांग करते रहे थे, लेकिन समय पर सदन की मीटिंग न होने के आरोप भी चेयरपर्सन पर लगे हैं।
सांसद सफाई व्यवस्था के प्रति जता चुके हैं नाराजगी : सफाई व्यवस्था के नाम पर विरोधी पक्ष के पार्षदों ने पहले ही मोर्चा खोल रखा है। आरोप है कि लाखों रुपए खर्च करने के बाद भी सफाई का बुरा हाल है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हैं। अब बीते दिनों ही सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने लघु सचिवालय में हुई जिलास्तरीय डेवलपमेंट मॉनिटरिंग कमेटी की मीटिंग में नपा झज्जर ही नहीं बहादुरगढ़ व बेरी में सफाई व्यवस्था के प्रति नाराजगी जाहिर की थी। तब उन्होंने हर माह सफाई में कितना पैसा सरकार का लग रहा है, ठेके पर क्या व्यवस्था है, पक्के कर्मचारी कहां तैनात किए गए हैं, कच्चे कर्मचारियों से कहां काम लिया जाता है। इसके अलावा ठेकेदार लाखों रुपए लेने के बाद कितने संसाधन उपयोग में लाता है इन सब की डिटेल तलब की थी।
ये रहेगा मीटिंग का एजेंडा: 12 एजेंडों चर्चा होनी है। इनमें पहला पिछली मीटिंग के बारे में जानकारी देने व उस समय पास हुए प्रस्ताव पर चर्चा करना रहेगा। नपा से धारा 35 की जरिए किए गए विकास कार्यों की सूचना पार्षदों को दी जाएगी। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के जरिए कितने लोगों को किस्त मिली है, इसके बारे में चर्चा होगी। टॉयलेट की किस्त के बारे में चल चर्चा होगी। पार्कों में जिम, फ्रेंड्स कॉलोनी में जिम झूले लगवाने के बारे में प्रस्ताव, कम्युनिटी सेंटर को वेलफेयर सोसायटी को देने की मंजूरी, दुकानों की बिक्री के लिए मंजूरी, मातूराम पार्क व पब्लिक टॉयलेट बनाने के लिए मंजूरी, धर्मशाला व मंदिरों के बाहर वाटर कूलर लगाने की मंजूरी, विकास कार्यों पर मंथन के अलावा अन्य मुद्दों पर चर्चा होगी।
चेयरमैन ऑफिस से वाइस चेयरमैन की कुर्सी हटाई : एक समय एक दूसरे के पूरक रहे वाइस चेयरमैन प्रवीण गर्ग व चेयरपर्सन कविता नंदवानी के बीच अब दरार और बढ़ गई है। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक समय में एक दूसरे को फोन करके नगर पालिका में आने वाले व साथ-साथ ही कुर्सियों पर बैठने वाले प्रवीण गर्ग और चेयरपर्सन प्रतिनिधि उमेश नंदवानी के बीच तल्खी इतनी बढ़ गई है कि वाइस चेयरमैन की कुर्सी भी चेयरपर्सन के रूम से हटा दी है।
वाइस चेयरमैन गर्ग खोल चुके चेयरपर्सन के खिलाफ मोर्चा: बीते महीने जब चेयरपर्सन कविता नंदवानी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पत्र 13 पार्षद लेकर आए थे तो उनमें प्रमुख तौर पर वाइस चेयरमैन प्रवीण गर्ग ने मोर्चा खोला था। हालांकि वे फ्लोर टेस्ट पास कराने में सफल नहीं हो सके, लेकिन भ्रष्टाचार व सफाई के नाम पर लाखों रुपए की बर्बादी के मुद्दे पर उन्होंने अपना अभियान जारी रखा। पिछले दिनों ही उन्होंने स्थानीय निकाय मंत्री अनिल विज को भी इस मुद्दे पर ज्ञापन देकर नगर पालिका में चल रहे कार्यों की जांच करने की बात कही थी। उन्हें नगर पालिका में आने का भी निमंत्रण दिया था।
दिसंबर में 13 पार्षदों ने कविता नंदवानी के खिलाफ डीसी को सौंपा था अविश्वास प्रस्ताव
नगर पालिका झज्जर का कार्यालय।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3agDITd