शाहाबाद.गांव जैनपुर निवासी ब्रह्म सिंह के पुत्र से एक व्यक्ति ने खुद को भारतीय सेना का कर्मचारी बताकरगाड़ी बेचने के नाम पर 68 हजार 220 रुपए की ठगी की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ब्रह्म सिंह ने बताया कि उसका बड़ा बेटा अमित कुमार बीएसएफ में नौशहरा पोस्ट पर तैनात है। उनके छोटे बेटे सचिन उर्फ विक्की ने कार खरीदने के लिए ओएलएक्स पर विज्ञापन देखा और एक मारुति स्विफ्ट डिजायर को पसंद किया। उसमें दिए गए फोन नंबर पर उनकी बात संदीप रावत से हुई जो स्वयं को इंडियन आर्मी गढ़वाल में जैसलमेर में तैनात बता रहा था।
संदीप ने विक्की को फोन पर बताया कि उसका तबादला जम्मू कश्मीर में हो गया है इसलिए वह अपनी कार एक लाख 55 हजार रुपए में बेचना चाहता है। बातचीत के दौरान एक लाख 40 हजार रुपए में सौदा तय हुआ। संदीप ने विक्की को यह कार आर्मी कोरियर द्वारा भेजने की बात कही और इसके लिए 5120 रुपए की फीस मांगी। जिसे सचिन ने अपने बड़े भाई अमित कुमार के खाते से गूगल पर द्वारा 8 मार्च को भेज दिए।
कार पसंद न आने पर पैसे वापसी की बात भी कही
इसके बाद संदीप रावत ने उसे आर्मी कैंट कोरियर जैसलमेर बॉर्डर राजस्थान की कोरियर की कॉपी भी वाट्सएप पर भेजी जिसमें पोस्टमैन संजय सिंह का नाम लिखा हुआ था। इसके बाद संदीप रावत ने विक्की को 31 हजार 550 रुपए ट्रांसफर करने को कहा और आश्वासन दिया कि यह रकम कार की एक लाख 40 हजार रुपए में से कट जाएगी। यदि उन्हें कार पसंद नहीं आई तो वह यह रकम उनके खाते में वापस डाल देगा। जिस पर उसके बड़े भाई अमित ने यह राशि ट्रांसफर कर दी।
दोनों के नंबर बंद
थोड़ी देर बाद संदीप रावत का फिर फोन आया की राशि ठीक से नहीं पहुंची है और 31 हजार रुपए अलग और 550 रुपए अलग से डाले जाएं। जिस पर यह राशि भी उनके खाते में ट्रांसफर कर दी गई। कुछ देर बाद पोस्टमैन संजय सिंह का फोन आया कि वह जीटी रोड पर शरीफगढ़ के पास पहुंच गया है और पहले उनके खाते में 30 हजार रुपए ट्रांसफर करो तब ही वह गाड़ी लेकर आएगा। जिस पर सचिन को शक हुआ और उसने यह रकम ट्रांसफर नहीं की। 9 मार्च के बाद से दोनों के ही नंबर बंद आ रहे हैं और कोई भी बातचीत नहीं हुई।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2U7nqWq