महिलाओं के लिए आरक्षित होंगे 11 वार्ड, 6 वार्ड एससी व 2 बीसी के लिए रिजर्व
सदर (अम्बाला कैंट) नगर परिषद के चुनाव इस साल सितंबर तक हो सकते हैं। शहरी स्थानीय निकाय विभाग ने सदर के लिए कुल 31 वार्ड निर्धारित किए हैं। जिनमें से 11 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इन 11 में से दो वार्ड अनुसूचित जाति की महिलाएं के लिए होंगे। 6 वार्ड अनुसूचित जाति के लिए और 2 वार्ड पिछड़े वर्ग के लिए आरक्षित होंगे। कुल 12 वार्ड ही ओपन होंगे। हालांकि इनमें भी आरक्षित वर्ग का व्यक्ति चुनाव लड़ सकता है।
विभाग की नोटिफिकेशन में वर्ष 2011 की आबादी को आधार मानकर वार्ड संख्या तय हुई है। 2011 में सदर में 1.04 लाख आबादी थी, जिसमें से 20 हजार 412 अनुसूचित जाति की है। वार्ड संख्या निर्धारित होने के बाद अब इन वार्डों के परिसीमन (वार्डबंदी) का काम होगा। उसके बाद सभी वार्डों की सीमा निर्धारित कर उनका ड्राफ्ट नोटिफिकेशन में प्रकाशित होगा। वार्डों के परिसीमन के नियम 9 के अनुसार आम लोगों से आपत्ति व सुझाव आमंत्रित होंगे। जिन पर पर विचार के बाद वार्डों का फाइनल परिसीमन नोटिफाई होगा। कौन कौन से वार्ड किस श्रेणी के लिए आरक्षित होंगे उसका फैसला ड्रॉ से होगा।
पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के एडवोकेट हेमंत कुमार बताते हैं कि सिटी नगर निगम से अलग करके अम्बाला सदर नगर परिषद बनाने की नोटिफिकेशन 11 सितम्बर, 2019 को जारी हुई थी। नियम के मुताबिक पहले आम चुनाव इसके एक वर्ष के भीतर करवाने जरूरी हैं। हरियाणा नगरपालिका अधिनियम, 1973 की धारा 12(2) में प्रावधान है। ऐसे में सदर नगर
परिषद का चुनाव 10 सितंबर तक करवाना चाहिए।
सरकार कर रही मंथन-प्रधान या अध्यक्ष सीधे चुने जाएं
नगर निगमों के मेयर की तरह नगर पालिकाओं और नगर परिषदों के प्रधानों या अध्यक्षों के चुनाव भी वोटरों से प्रत्यक्ष तौर पर कराने की बात सीएम मनोहरलाल खट्टर कह चुके हैं। अभी तक पार्षद अपने में से किसी को प्रधान या अध्यक्ष चुनते हैं। पिछले दिनों सरकार ने इस संशोधन के संबंध में आपत्तियां व सुझाव भी मांगे थे। सितंबर 2019 में म्यूनिसिपल एक्ट में संसोधन भी किया था, जिसमें म्यूनिसिपिलिटी के सभी पदों, जिसमें अध्यक्ष का पद भी शामिल है को प्रत्यक्ष चुनाव से चुनने का प्रावधान किया। पिछले कुछ महीनों में प्रदेश में पांच नई नगर पालिकाएं गठित की गई हैं, जिनमें कुंडली, साढौरा, बॉस, इस्माइलाबाद व सिसाई शामिल है। झज्जर नगर पालिका को भी अपग्रेड कर नगर परिषद
बनाया गया।
कैंट में होंगे 31 वार्ड, नोटिफिकेशन जारी
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2U3mrHT