कोरोना के खौफ का फायदा अब केमिस्ट संचालक उठा रहे हैं। वहीं जिला अस्पताल में मरीजों के लिए अलग से कोरोना वार्ड तो विभाग ने बना दिया, लेकिन चिकित्सकों व स्टाफ सदस्यों को जरूरत का सामान नहीं दिया जा रहा। इसके चलते अगर कोई दूसरे देश से संदिग्ध मरीज जिला अस्पताल में अपनी जांच कराने पहुंच जाए तो चिकित्सकों व स्टाफ सदस्यों के पसीने छूटने लगते हैं।
बता दें कि जिला अस्पताल में स्टाफ सदस्यों को मास्क व सेनिटाइजर ही उपलब्ध नहीं हो पा रहे। अब ऐसे में स्टाफ सदस्यों को भी खुद में संक्रमण का खतरा सताने लगा है। स्टाफ नर्सों को यूज हुए मास्क को दूसरे दिन दोबारा से यूज करना पड़ रहा है। ऐसे में स्टाफ सदस्य खुद ही महफूज नहीं है। स्टाफ नर्सो को मॉस्क व सेनिटाइजर के अभाव में साबुन से हाथ धोने पड़ रहे हैं।
ज्यादा दामों पर बिक रहे मास्क व सेनिटाइजर : 10 से 15 रुपए में बिकने वाले मॉस्क इन दिनों कालाबाजारी के चलते 40 से 50 रुपए में बेचे जा रहे हैं। वहीं मार्केट में सेनिटाइजर भी ज्यादा दामों में बेचे जा रहे हैं। 200 से 250 रुपए में बिकने वाला सेनिटाइजर 500 से 600 रुपए में बिक रहा है। वहीं अधिकतर दुकानों से सेनिटाइजर व मॉस्क खत्म हो गए हैं।
जागरुकता के लिए जगह जगह लगाए होर्डिंग : अस्पताल में पहुंचने वाले मरीजों को कोरोना से जागरूक करने के लिए जगह-जगह होर्डिंग लगाए गए हैं। वहीं अस्पताल की पुरानी बिल्डिंग के बाहर पेंटिंग से लोगों को जागरूक करने के लिए स्लोगन लिखे गए हैं।
स्टाफ को मुहैया करा रखे मास्क, आ रहा स्टाक : जिला अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लज्जाराम ने कहा कि उन्होंने सभी स्टाफ नर्सों को मास्क मुहैया करा रखे है। सेनिटाइजर व मास्क की अभी कमी चल रही है। अगर ऐसा है तो वह कल ही वार्डों में स्थिति को जांचेंगे।
कोरोना से बचाव के लिए हाथ जोड़कर करें अभिवादन: डीसी
कुरुक्षेत्र | डीसी धीरेंद्र खड़गटा ने कहा कि कोरोना वायरस से घबराने की जरूरत नहीं है। इस संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय-समय पर दी जा रही हिदायतों की पालना जरूरी है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने लोगों से कोरोना वायरस से बचाव की अपील की है। वे मंगलवार को देर सायं एनआईसी कार्यालय में कोरोना वायरस से बचाव को लेकर अधिकारियों की मीटिंग में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर न थूके, हाथों को बार-बार धोएं, बिना हाथ धोए अपनी आंख, चेहरे व नाक को न छुएं, सही से पका हुआ भोजन ही ग्रहण करें, ज्यादा भीड़ वाली जगह जाने से बचे, हाथ जोड़कर दूसरे अभिवादन करें न कि हाथ मिलाकर। हरियाणा राज्य रेडक्रास के महासचिव डीआर शर्मा ने कहा कि रेडक्रास लोगों को अवेयर करने के लिए प्रत्येक जिले में स्वयंसेवकों की टीमों का गठन करेगी। जिला सचिव कुलबीर मलिक ने कहा कि इस माहौल में रेडक्रास अपना पूरा सहयोग करेगी।
कुरुक्षेत्र | एनआईसी कार्यालय में कोरोना वायरस से बचाव को लेकर अधिकारियों की मीटिंग लेते डीसी।
कुरुक्षेत्र | जिला अस्पताल में कोरोना को लेकर जागरुकता स्लोगन लिखता पेंटर।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/38UY3wp