इलाज कराने के बहाने 40 वर्षीय महिला ने करीब 63 वर्षीय बीएएमएस डॉक्टर से पहचान बनाई। फिर रिपोर्ट दिखाने के बहाने से जगाधरी गेट स्थित अपने घर पर बुलाया। डॉक्टर का आरोप है कि यहां उक्त महिला ने एक लड़की के साथ मिलकर उन्हेंडराकर अश्लील वीडियो बनाई। फिर रेप के केस में फंसाने की धमकी दी। इस बीच 2 आदमी व एक महिला आए जिनमें से एक व्यक्ति पुलिस की वर्दी में था। केस रफा-दफा करने के लिए डॉक्टर से 10 लाख मांगे।
बदनामी के डर से डॉक्टर ने बैंक से 4 लाख रुपए निकलवाकर दे दिए। इसके बाद फिर डॉक्टर के पास वीडियो वायरल करने व दुराचार का केस दर्ज कराने की धमकी देकर और पैसे मांगे तो पुलिस को सूचना दी गई। डॉक्टर की शिकायत पर पुलिस ने साजिश रचने, बंधक बनाकर मारपीट करने, ब्लैकमेल करने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले पब्लिक हेल्थ के एसडीओ भी ऐसे ही एक ट्रेप में फंस गए थे।
4 लाख रुपए लेकर मेरे सामने मोबाइल से वीडियो डिलीट की, फिर 3 दिन बाद ही फोन कर और पैसे मांगने लगे: पीडि़त
डॉक्टर ने शिकायत में कहा कि वह सौंडा के रहने वाले हैं और 1980 से जलबेड़ा रोड पर क्लीनिक चलाते हैं।
15-20 दिन पहले एक महिला उनके क्लीनिक पर आई और कहा कि उसे औलाद नहीं है, अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट दिखानी है। जिसे उन्होंने नए सिरे से अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी। उसके 5-6 दिन बाद वह महिला फिर आई और अल्ट्रासाउंड कराने के लिए रेफरल लिखवाकर ले गई। उसके बाद वह मोबाइल पर संपर्क करने लगी। डॉक्टर के मुताबिक 23 जून को वह किसी काम से अम्बाला सिटी के जगाधरी गेट पर गए थे।
इसी दौरान महिला का फोन आया और उसने कहा कि उसका घर नजदीक ही है, आ जाएं, रिपोर्ट दिखानी है। जब वह महिला के कमरे में गए, वहां एक लड़की पहले ही मौजूद थी। दोनों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और कपड़े उतरवा दिए। आरोप है कि लड़की ने खुद के भी कपड़े उतार लिए और वीडियो बनानी शुरू कर दी। डॉक्टर का कहना है कि कमरे में आए लोगों ने खुद को पुलिस पार्टी बताया और केस रफा-दफा करने के लिए 10 लाख रुपए मांगे। वह 4 लाख देने को राजी हुआ।
डॉक्टर एक आरोपी को लेकर घर गया और वहां से चेक लेकर एसबीआई से 4 लाख रुपए निकलवा कर दिए। उसके बाद सेक्टर-7 के पार्क में बैठकर आरोपियों ने वीडियो और फोन नंबर डिलीट किए। डॉक्टर के मुताबिक उसने यह सोचकर घर में जिक्र नहीं किया अब बला टल गई है, लेकिन 26 जून को उनके मोबाइल पर महिला की कॉल आई। महिला ने और पैसे मांगे, नहीं तो रेप केस दर्ज कराने की धमकी दी। हालांकि, उसने डिप्रेशन में होने की बात कहकर एक सप्ताह बाद बात करने को कहा।
इस महिला का 30 जून को फिर फोन आया और पैसे मांगे। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इस पर डाॅक्टर ने हिम्मत करके पुलिस में शिकायत कर दी। उल्लेखनीय है कि डॉक्टर एसोसिएशन के लंबे समय तक प्रधान भी रहे हैं।
सिंघावाला के हाेमगार्ड व उसके साथी की मिलीभगत सामने आई : एसएचओ
रामकुमार, एसएचओ, थाना अम्बाला सिटी ने कहा कि आरोपी होमगार्ड करीब 28 वर्षीय रामप्रकाश निवासी सिंघावाला, होमगार्ड के साथी महेंद्रपाल व सुदेश उर्फ मीनू को गिरफ्तार कर लिया है। जिनसे रिमांड के दौरान रिकवरी व आराेपियाें के बारे में पूछताछ की जाएगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2CQCWkk