काबड़ी रोड फ्लाईओवर पर शराब सप्लाई करने के शक में एंडेवर गाड़ी में सवार आरोपियों ने एक युवक का अपहरण कर लिया। शराब ठेके पर ले जाकर निर्वस्त्र कर पीटा। चारपाई पर उल्टा लिटाकर करीब 10 मिनट तक आरोपियों ने शरीर के पिछले हिस्से पर जमकर लाठी भांजी। पेट व हाथ पर चाकू मारा।
फिर शराब की दो पेटी के साथ अवैध शराब बेचने का कबूलनामा कराकर उसकी वीडियो बना ली। युवक को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। वहीं दूसरे पक्ष के युवक ने भी घायल युवक व उसके साथी पर मारपीट का केस दर्ज कराया है।
सैनी कॉलोनी निवासी अजय पुत्र धर्मपाल ने बताया कि 22 जून शाम करीब 5 बजे वह कच्चा कैंप ठेके से एक बोतल शराब लेकर बाइक से जा रहा था। काबड़ी रोड पुल पर बाइक वाले ने रोक लिया। पीछे से ब्लैक एंडेवर गाड़ी में सुशील उर्फ सीला व उसके 6 साथी आए। अजय को बाइक से उतारकर पीटने लगे और अपनी एंडेवर में डालकर पुल के नीचे बने शराब ठेके पर ले गए। वहां उसे निर्वस्त्र कर चारपाई पर लिटा दिया।
4 लोगों ने हाथ-पैर पकड़ लिए और 3 लोगों ने उसके शरीर के पिछले हिस्से पर करीब 10 मिनट तक लाठियां बरसाईं। बोले कि शराब सप्लाई करते हो, इसलिए पीट रहे हैं। सुशील ने उसके पेट व हाथ पर चाकू से वार किए। वह बेहोश हो गया। होश आने पर आरोपियों ने उसे उसकी बाइक पर बैठाया और ठेके की दो पेटी रख दी। शराब बेचने का कबूलनामा कराकर झूठी वीडियो बनाई। जान से मारने की धमकी दी। बोले कि पुलिस केस कराओ तो फिर पीटेंगे।
इधर, शराब बेचने से मना करने पर युवक को पीटने का आरोप
नारा गांव के पवन ने केस दर्ज कराया कि वह काबड़ी रोड पर सन्नी ठेकेदार के शराब ठेके पर काम करता है। 22 जून को वह काबड़ी रोड पर खड़ा था। तब बाइक पर दो युवक आए। आरोप है कि दोनों शराब के तस्कर हैं, दोनों बाइक पर शराब लिए थे। तब पवन ने उनको रोककर शराब के बारे में पूछा। तब वे बोले कि बेचने ले जा रहे हैं। तभी बाइक से उतरकर एक युवक भाग गया।
दूसरा गलती मानने लगा। तब एक मौका समझकर उसे छोड़ दिया। कुछ देर बाद पवन अर्जुन नगर स्थित दूसरे ठेके पर जा रहा था। उन्हीं दोनों युवकों ने पवन को पुल के ऊपर रोक लिया। तेजधार हथियार व डंडे से उसे पीटा। आरोपियों की पहचान अजय उर्फ चौधरी व सूरज निवासी हरिनगर के रूप में हुई।
फैक्ट्री में कहासुनी होने के बाद कर्मी ने 7 लोगों को बुलाकर युवक को पीटा
सेक्टर-11 में डॉ. जेसी गुप्ता अस्पताल के पास कुछ युवकों ने एक युवक पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। युवक को सिविल अस्पताल से रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। घायल के भाई ने चांदनी बाग थाना में केस दर्ज कराया है। गोसअली मोहल्ला के सरताज खटीक बस्ती में रहते हैं। उसके भाई महताब करीब 20 दिन से सेक्टर- 29 पार्ट-2 में एक फैक्ट्री में काम करता है।
27 जून को फैक्ट्री में महताब और फैक्ट्री कर्मी सईम की कहासुनी हो गई। शाम करीब 7:30 बजे सेक्टर 11 में डॉ. जेसी गुप्ता अस्पताल के पास सईम अपने 8 साथियों को लेकर आया। फोन करके महताब को बुलाकर मारपीट की। धारदार हथियार से छाती पर वार करके घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने महताब को बड़ी मुश्किल से बचाया। मामा सोयब मौके पर पहुंचा और लोगों के साथ मिलकर महताब को सिविल अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2ZkFLBM