जिले में लगातार कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ रही है। सोमवार को भी 11 पॉजिटिव केस सामने आए। इनमें डिफेंस काॅलोनी में रहने वाली एक महिला डॉक्टर के 3 परिजन संक्रमित पाए गए, जबकि महिला डॉक्टर की रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसी तरह से जेब काटने के आरोप में गिरफ्तार किया गया शहर के संतनगर का एक युवक जो इस समय जेल में बंद है कोरोना पॉजिटिव मिला है। इसी तरह से वीटा मिल्क प्लांट में कार्यरत एक कर्मचारी जिसका 25 जुलाई को सैंपल हुआ था पॉजिटिव पाया गया है।
सोमवार को जिले के 500 से ज्यादा सैंपल की रिपोर्ट आई है। इनमें डिप्टी सिविल सर्जन काेराेना नोडल अधिकारी डाॅ. पालेराम कटारिया की रिपोर्ट निगेटिव आई है। वे पिछले दो दिनों से होम क्वारेंटाइन थे और एक चिकित्सक जो पॉजिटिव मिला था उसके संपर्क में आने के बाद उन्होंने अपना सैंपल दिया था। जिले में अब कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 273 पहुंच गई है। जबकि एक्टिव केसों की संख्या 87 हो गई है। सोमवार को ही पहले से 3 पॉजिटिव केस की दूसरी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। जिले में पिछले दिनों में सैंपलिंग में हुई बढ़ोतरी के बाद से लगातार पॉजिटिव केसों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। पिछले 3 दिनों में जिला में 46 पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं।
मास्क न लगाने पर 5 वाहन चालकों पर 500 रुपए का लगाया जुर्माना
अलेवा | पुलिस ने मेन चौक पर नाका लगाकर बिना मास्क लगाए वाहन चला रहे लोगों की जांच की गई। इसमें पांच चालकों पर पांच-पांच सौ रुपए जुर्माना लगाया है। पुलिस वाहन चालकों को मास्क देकर महामारी से बचाव के लिए जागरूक किया। वाहन थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि देश व प्रदेश में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या को देखते हुए सरकार ने पुलिस को बिना मास्क के वाहन चलाने वाले चालकों पर जुर्माना करने के बाद मास्क देने की हिदायत दी हुई है। पुलिस आए दिन नाका लगाकर ऐसे वाहन चालकों को रोककर जुर्माना लगाने के साथ ही मास्क लगाने की हिदायत दे रही है।
सैंपलिंग बढ़ने से आ रहे हैं अधिक केस
जिले में जब से सैंपलिंग में बढ़ोतरी हुई है कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। सोमवार को 11 पॉजिटिव केस सामने आए। हालांकि इस दौरान 500 से ज्यादा सैंपल की रिपोर्ट आई जिसमें बाकी लोग निगेटिव पाए गए हैं। डाॅ. पालेराम कटारिया, डिप्टी सिविल सर्जन जींद।
जानिए... जिले में कहां-कहां मिले कोरोना पॉजिटिव केस
- पंजाबी चौक नरवाना का रहने वाला 58 साल का व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला
- हरिनगर नरवाना की रहने वाली 52 साल की महिला कोरोना संक्रमित मिली।
- संतनगर जींद का 21 वर्षीय युवक कोरोना पॉजिटिव मिला।
- देवरड़ गांव का 46 वर्षीय व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला।
- रामवीर काॅलोनी का 58 वर्षीय व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला।
- डिफेंस काॅलोनी में रहने वाले एक ही परिवार के 3 व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिले हैं।
- सफीदों अस्पताल में रहने वाली स्टॉफ नर्स की ननद भी कोरोना पॉजिटिव मिली है।
- भिड़ताना गांव की महिला जो डिलीवरी के लिए पहले जींद आई और बाद में उसे रोहतक पीजीआई किया था पॉजिटिव मिली है।
इधर : वीटीएम वायल्स हुई खत्म, मोबाइल टीम को लौटना पड़ा बिना सैंपल लिए
जिले में पिछले कई दिनों से वीटीएम (वायरल ट्रांसपोर्ट मीडियम) वायल्स की कमी बनी हुई है। कमी के चलते कई दिनों से आसपास के जिलो से वीटीएम वाइल्स लेकर काम चलाया जा रहा था। लेकिन सोमवार को जब आसपास में कहीं पर भी वीटीएम वायल्स नहीं उपलब्ध हो पाई तो सैंपल के लिए बस स्टैंड पर गई स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीम को बिना सैंपल लिए ही लौटना पड़ा।
दरअसल सोमवार सुबह वरिष्ठ डेंटल सर्जन डाॅ. रमेश पांचाल के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की मोबाइल टीम पहले से निर्धारित बस स्टैंड पर रोडवेज कर्मियों के सैंपल लेने के लिए गई हुई थी। करीब 100 रोडवेज कर्मियों का सैंपल किया जाना था लेकिन वीटीएम वायल्स खत्म होने के कारण मोबाइल टीम को 26 सैंपल के बाद ही वापस लौटना पड़ा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/39JTtmN