राजस्थान के भीलवाड़ा के मांडल थाना पुलिस के हत्थे चढ़े गैंगस्टर लाॅरेंस बिश्नोई के चार गुर्गों द्वारा हिसार में 20 पिस्टल और 37 मैगजीन डिलीवर करने की सूचना पर हिसार पुलिस ने अलर्ट जारी कर दिया है। स्पेशल टीमों ने भीलवाड़ा पुलिस से संपर्क कर गिरफ्तार चारों बदमाशों की जानकारी जुटाकर उनकी हिस्ट्री खंगालनी शुरू कर दी है। हिसार एसपी गंगाराम पूनिया का कहना है कि हम अलर्ट हैं। भीलवाड़ा पुलिस से संपर्क किया है। उनके साथ सूचनाओं को आदान-प्रदान जारी है। हथियारों की खेप किसे पहुंचानी थी, उसका पता लगना जरूरी है। इस पर स्पेशल टीमें काम कर रही हैं।
बता दें कि इस मामले में उकलाना के गांव मुगलपुरा वासी शुभम उर्फ बिगनी का नाम भी सामने आया है जो संगीन जुर्म में पिछले काफी माह से जोधपुर जेल में बंद है। यह गैंगस्टर बिश्नोई का खास गुर्गा है। भीलवाड़ा पुलिस की जांच में सामने आया है कि शुभम के कहने पर हिसार में हथियारों की डिलीवरी होनी थी। ऐसे में इसे जेल से प्रोडक्शन वारंट पर हासिल करके पूछताछ की जाएगी। हाल ही में लॉरेंस बिश्नोई के गुर्गाें ने सिरसा के गांव चौटाला में 2 शराब ठेकेदारों की गोलियां मारकर हत्या करवाई थी। इस मामले में रैकी करने से लेकर वारदात को अंजाम देने वाले शार्प शूटर्स को स्पेशल टास्क फोर्स ने दबोचा था।
सवाल के जवाब ढूंढ रही पुलिस
- आखिरकार हिसार में कहां और किसे हथियारों की डिलीवरी देनी थी?
- इतनी भारी मात्रा में हथियारों का जखीरा लाकर किस बड़ी वारदात को अंजाम देना था?
बिगनी बताएगा कहां होनी थी डिलीवरी
भीलवाड़ा की एसएसपी प्रीति चंद्रा ने बताया कि मांडल थान पुलिस ने उकलाना खंड के गांव मुगलपुरा निवासी राजेंद्र उर्फ जोकर, उकलाना निवासी प्रवेश, फतेहाबाद के राजूवाला निवासी मोनू व पानीपत के कैप्टन मार्ग मार्केट निवासी विक्रम को गिरफ्तार किया है। इनसे इंदौर से लाए 20 ऑटो मैटिक पिस्टल और 37 मैगजीन बरामद हुईं हैं। एमपी बोर्डर के पास हथियारों की सप्लाई होती है। जोधपुर जेल में बंद शुभम उर्फ बिगनी के कहने पर हिसार में हथियारों की डिलीवरी होनी थी। ऐसे में एक-दो दिन में शुभम को प्रोडक्शन वारंट पर हासिल करके पूछताछ करेंगे।
शुभम ने फेसबुक पर असलहों के साथ लगा रखी है फोटो
मामले की पड़ताल करते हुए बदमाश उर्फ बिगनी नाम का फेसबुक अकाउंट खंगाला तो वहां चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आईं। गैंगस्टर बिश्नोई के एसओपीयू छात्र संगठन से जुड़ा हुआ है। इसके अलावा हथियारों के संग तस्वीरें खिंचवा रखी हैं। बाकायदा गोलियों से अपना नाम लिखकर फोटो अपलोड की हुई है। इसके पुराने रिकॉर्ड को खंगाला तो पता चला कि पिछले राजस्थान के जालौर में पोस्टमैन जीतू सिंह उर्फ जितेंद्र सिंह की कार लूटने का प्रयास हुआ था।
जब कामयाबी नहीं मिली तो जीतू सिंह की गोली मारकर हत्या कर डाली थी। इस मामले में भी शुभम उर्फ बिगनी सहित अन्य बदमाश पकड़े गए थे। अब शुभम उर्फ बिगनी जेल से अपने साथियों से व्हाट्सएप काॅलिंग करके दिशा-निर्देश देता था। हथियारों को डिलीवर करने बात भी व्हाट्सएप कॉलिंग से होती थी।
सोशल मीडिया से करते हैं पब्लिसिटी, नये युवाओं से चल रहा गैंग
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और इससे जुड़े संपत नेहरा सहित अन्य बड़े बदमाश फिलहाल विभिन्न राज्यों की जेलाें में बंद है। पूर्व मामलों में गिरफ्तार के गिरोह के सदस्यों से पूछताछ में सामने आया है कि गिरोह चलाने के लिए नये युवाओं को शामिल किया जाता है। उन्हें असलहा थमा देते हैं, यह कहकर कि जाकर चौधर जमा। कोई कुछ कहे तो बता देना गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का गुर्गा हूं। ये सोशल मीडिया फेसबुक, यूट्यूब सहित अन्य प्लेटफार्म का प्रयोग अपनी पब्लिसिटी, दहशत व प्रतिद्वंद्वी पर दबदबा बनाए रखने के लिए करते हैं।
आरोपी शुभम उर्फ बिगनी के फेसबुक पर फोटो अपलोड करते हुए लिखा है कि आदत हमारी खराब नहीं, बस जिंदगी थोड़ी राॅयल जीते हैं। रॉयल जिंदगी का लालच देकर न सिर्फ लॉरेंस बल्कि गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काना, थुराना गैंग, सेठी गैंग, किशोरी गैंग इत्यादि गिरोह खुद को सक्रिय रखने के लिए युवाओं काे लालच देकर उनका भविष्य खराब करके अपराध की दलदल में फंसा रहे हैं।
लाॅरेंस गिराेह के पकड़े सदस्याें द्वारा मध्य प्रदेश और अन्य स्थानाें से हथियाराें काे खरीदकर लाने की बात पूछताछ में सामने आई है। जल्द ही हथियार सप्लायर भी पुलिस के पकड़ में हाेंगे। हरियाणा पुलिस का भी सहयाेग लिया जा रहा है।'' - राजेंद्र कुमार, प्रभारी, थाना मांडल, भीलवाड़ा, राजस्थान।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2BPilgk