कोरोना वायरस ने लोगों की दिनचर्या को पूरी तरह बदल दिया है। कोरोना के चलते लोगों की जीवनशैली में भी कई तरह के बदलाव आए हैं। लोग इस बीमारी का तोड़ ढूंढने के लिए तरह-तरह के उपाय अपनाकर रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ा रहे हैं। ऐसे में अब लोगों का औषधीय पौधों की तरफ भी रूझान बढ़ रहा है। छोटी-बड़ी नर्सरियों सभी में औषधीय पौधों की बिक्री 20% तक बढ़ गई है।
नर्सरियों में इस समय सजावटी पौधों से ज्यादा लोग गिलोय, तुलसी, अश्वगंधा, सदाबहार जैसे पौधों की मांग कर रहे हैं। क्योंकि ये पौधे कहीं न कहीं शारीरिक क्षमता बढ़ाने में मददगार है। हालांकि इनके सेवन के लिए आयुर्वेदिक डॉक्टर्स से भी परामर्श करना जरूरी है। एक्सपर्ट इन चार औषधीय पौधों के गुणों के बारे में बताते हैं, जो शरीर के लिए किस तरह लाभदायक है।
सजावटी से ज्यादा लोगों का औषधीय पौधों की तरफ बढ़ रहा रूझान
नर्सरियों में गिलोय और तुलसी के पौधे अधिक बिक रहे
नर्सरी संचालक प्रदीप का कहना है कि अब पिछले एक पखवाड़े से औषधीय पौधों की डिमांड बढ़ी है। पहले कम पौधे बिकते थे, लेकिन अब ये पौधे ज्यादा बिक रहे हैं। एक व्यक्ति तुलसी के कई-कई पौधे ले जा रहा है। तुलसी के एक दिन में 20 से 25 पौधे तक बिक जाते हैं। इनकी डिमांड भी काफी ज्यादा है।
जानिए; किस पौधे का क्या है औषधीय महत्व
गिलोय; ये एक बेल की तरह का पौधा है, जो ज्वरनाशक है। यानी बुखार में यह काम आता है। रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में भी मददगार है। खान-पान के पाचन में सहायक है। इसका तना काफी फायदेमंद होता है।
तुलसी; यह भी ज्वरनाशक होती है। खांसी में बेहतर होने के साथ ही यह श्वसन संबंधी बीमारी को भी दूर करती है। इसकी जड़, शाखाएं, पत्ती और बीज का अलग-अलग महत्व है।
अश्वगंधा; यह शारीरिक शक्ति को बढ़ाता है। यह रक्त कोशिकाओं को मजबूत करता है। हडि्डयों के लिए भी उपयोगी है। जैसे हडि्डयों के दर्द में भी सहायक है।
सदाबहार : कैंसर, डायबिटीज, उच्च रक्तचाप के लिए अत्यंत फायदेमंद है। फोड़ा-फुंसी में भी इसका प्रयोग होता है। शुगर के लेवल को कम करने में भी यह बेहतर है।
एक्सपर्ट व्यू : एमडी(पंचकर्म) स्पेशलिस्ट डॉ. बालयोगेश्वर का कहना है कि ये औषधीय पौधे कहीं न कहीं शरीर की इम्युनिटी सिस्टम बढ़ाने में सहायक है। तुलसी के पौधे के भी कई फायदे हैं। यह ज्वरनाशक के साथ ही खांसी व श्वसन संबंधी दिक्कत को भी दूर करने में मददगार है। इसी तरह अश्वगंधा शक्तिवर्धक है। यह रक्त कणिकाओं को बढ़ाता है। इसी तरह गिलोय के भी कई फायदे हैं। लोगों को तुलसी तो अपने घर में जरूर लगानी चाहिए।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2CVqks9