सरकारी कॉलेजों को संबंधित यूनिवर्सिटी की ई-लाइब्रेरी से जोड़ने की राज्य सरकार की योजना के तहत आईजीयू मीरपुर से रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ के 26 कॉलेज जुड़ जाएंगे। इनमें 11 सरकारी डिग्री कॉलेज रेवाड़ी जिला में हैं, जबकि महेंद्रगढ़ जिला में 14 कॉलेज हैं। एक सरकारी शिक्षण महाविद्यालय भी है। हालांकि दोनों जिलों में सरकारी, एडिड, सेल्फ फाइनेंस इनमें डिग्री, इंजीनियरिंग और शिक्षण महाविद्यालय मिलाकर संख्या 168 हैं, मगर योजना के अनुसार सरकारी कॉलेजों की ही ई-लाइब्रेरी से कनेक्टिविटी की जानी है। इसलिए 26 कॉलेजों के विद्यार्थियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। यदि योजना सिरे चढ़ती है तो इन कॉलेजों में पढ़ने वाले हजारों विद्यार्थियों को घर बैठे ही ऑनलाइन किताबें उपलब्ध हो पाएंगी।
ये है सरकार की योजना
शुक्रवार को शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने बताया कि राज्य सरकार गवर्नमेंट कॉलेजों को यूनिवर्सिटी की ई-लाइब्रेरी से जोड़ने की योजना बना रही है, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापरक अधिक से अधिक पुस्तकें मुफ्त में पढ़ने को मिल सकें। इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए हरियाणा के उच्चतर शिक्षा विभाग ने कई एजेंसियों से बातचीत शुरू कर दी है। इसके बाद राज्य की गवर्नमेंट यूनिवर्सिटी के साथ ही कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थी ई-लाइब्रेरी से अपने विषय की पुस्तक को कहीं पर भी बैठकर नि:शुल्क डाउनलोड कर सकते हैं।
यूनिर्विटी में छात्र शिकायत निवारण समिति भी गठित
आईजीयू ने छात्र शिकायत निवारण समिति का भी गठन किया गया है। कुलपति प्रो. एसके गक्खड़ ने छात्रों की समस्याओं के समाधान करने को लेकर शिक्षा सत्र 2020-21 के लिए यह समिति गठित की है। इसमें कॉमर्स, मैनेजमेंट फैकल्टी के डीन प्रो. तेज सिंह को संयोजन बनाया गया है। इसके अलावा डॉ. रोमिका बतरा, प्रो. ममता कामरा, डॉ. रेनू हुड्डा व अहीर कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. इंद्रजीत को सदस्य नियुक्त किया है। इसके अलावा एमएससी मैथमेटिक्स के स्टूडेंट राहुल कुमार विशेष आमंत्रित सदस्य हैं। यह कमेटी विद्यार्थियों के हितों का ध्यान रखते हुए उनकी समस्याओं की सुनवाई कर समाधान करेगी।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2WsGrnV